हिस्ट्रीशीटर पिता का सहारा लेकर प्रेमी ने की युवती की हत्या, पहचान छिपाने को कुचल दिया चेहरा
सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश में मनीषा कोरी हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मनीषा कोरी के प्रेमी धर्मेन्द्र यादव को गिरफ्तार किया है। मनीषा द्वारा शादी किए जाने का प्रस्ताव रखे जाने पर धर्मेंद्र ने अपने हिस्ट्रीशीटर पिता भारत यादव के साथ मिलकर मनीषा को मार डाला था। उसकी पहचान छिपाने के लिए चेहरा को भी कुचल डाला था। हत्याकांड का खुलासा करते हुए एसपी हिमांशु कुमार ने बताया कि बीते माह कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के बैजापुर गाँव के बाग में अज्ञात युवती के मिले शव की पहचान बीते दो दिन पूर्व मनीषा के रुप में हुई थी। पहचान के बाद क्राइम ब्रांच मामले के खुलासे में लगी थी। टीम ने धर्मेन्द्र यादव उर्फ मिठाईलाल को गिरफ्तार किया है।

तफ्तीश में प्रेम प्रसंग की जानकारी सामने आई। आरोपी धर्मेंद्र को पकड़े जाने के बाद जब पूछताछ हुई तो आरोपी ने बताया कि मनीषा कोरी से शादी न करनी पड़े, इसलिए उसकी हत्या कर उसे अपने रास्ते से हटा दिया। उसने पुलिस को बताया कि मनीषा कंप्यूटर सीखने के बहाने शहर आकर उससे मिलती थी। धर्मेन्द्र यादव बैंक ऑफ बड़ौदा में चपरासी के पद पर कार्य करता था। हत्या से पूर्व उसने मनीषा को साथ रहकर जीवन बिताने का झांसा देकर अपने पास बुलाया और दूर छुपकर रहने की बात कही। प्रेमिका अपने प्रेमी की बातों पर विश्वास करते हुए उसके साथ निकली तो रास्ते मे तय प्लान के मुताबिक धर्मेन्द्र यादव, उसका भाई व उसके पिता मिले और युवती की हत्या कर उसका शव फेक फरार हो गए। युवती की पहचान न हो सके इसके लिए उसका चेहरा तक बिगाड़ दिया था। एसपी ने गिरफ्तारी करने वाली टीम को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है।












Click it and Unblock the Notifications