यूपी के सुल्तानपुर में हरियाणा जैसी वारदात, ट्रक ने ARTO के सिपाही और ड्राइवर को रौंदा, मौत
सुल्तानपुर, 26 जुलाई: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में हरियाणा के नूंह जैसी वारदात सामने आई है। मंगलवार सुबह जांच के लिए रोके जाने पर एक ट्रक चालक ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कार्यालय के दो कर्मचारियों को रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में एआरटीओ बाल-बाल बच गए। सीओ ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। ट्रक ड्राइवर वाहन छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। ट्रक चालक की तलाश जारी है।

रुकने का इशारा करने पर बढ़ा दी ट्रक की स्पीड
एआरटीओ राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि वह तड़के करीब चार बजे अपने सहयोगियों के साथ सुल्तानपुर-कादीपुर मार्ग पर जिले के गोसाईगंज क्षेत्र में वाहनों की जांच के लिए निकले थे। वह माधवपुर छतौना गांव के पास वाहनों की जांच कर रहे थे। कादीपुर की तरफ जा रहे एक ट्रक को रुकने का इशारा किया गया, तो चालक ने ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी। एआरटीओ कार्यालय में संविदा पर तैनात वाहन चालक अब्दुल मोबीन (52) और सिपाही अरुण सिंह (50) को रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ARTO की गाड़ी को भी मारी टक्कर, बाल-बाल बची जान
एआरटीओ के मुताबिक, ट्रक चालक ने भागने के चक्कर में सड़क के किनारे खड़ी उनकी गाड़ी को भी टक्कर मारी, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। इस मामले में सीओ कृष्णकांत सरोज ने कहा कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रक ड्राइवर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और ट्रक चालक की तलाश जारी है। मामले की जांच की जा रही है। बता दें, हरियाणा के नूंह, झारखंड और यूपी के हाथरस में ऐसी ही घटना सामने आ चुकी है। नूंह में डीएसपी सुरेंद्र बिश्नोई को डंपर ने कुचल दिया था। वहीं, झारखंड में महिला सब इंस्पेक्टर को कुचल दिया गया था। हाल ही में हाथरस में चेंकिन कर रहे दरोगा और सिपाही पर भी लुटेरों ने कार चढ़ा दी थी।












Click it and Unblock the Notifications