भारत हिन्दू राष्ट्र बना तो कश्मीर अलग हो जाएगा: फारूक अब्दुल्ला
मोहन भागवत के भारत को हिन्दू राष्ट्र कहने पर फारूक अब्दुल्ला ने की कार्रवाई की मांग।
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने मोहन भागवत के भारत को हिन्दू राष्ट्र कहने पर निशाना साधते हुए कहा है कि कश्मीर हिन्दू राष्ट्र के साथ कभी नहीं रहेगा।

बुधवार को नेशनल कॉन्फ्रेस की एक मीटिंग में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि अगर आरएसएस के चीफ भारत को हिन्दू राष्ट्र कहते हैं तो हम साफ करना चाहते हैं कि कश्मीर हिन्दू राष्ट्र भारत का हिस्सा नहीं रहेगा। अब्दुल्ला ने श्रीनगर में ये बात कही।
फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि कश्मीर उस भारत का हिस्सा है, जहां हर मजहब को बराबर के हक दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि भागवत ने जो कहा वो संविधान के खिलाफ इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
भागवत ने कहा था, भारत हिन्दू राष्ट्र
आरएसएस चीफ मोहन भागवत ने हाल ही में जम्मू में राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि भारत हिन्दू राष्ट्र है क्योंकि हमारे पूर्वज हिन्दू थे।
भागवत ने कश्मीरी अलगाववादियों से सख्ती से निपटने की बात कहते हुए कहा था कि इस तरह की गतिविधियों की देश में नहीं दी जाएगी। भागवत ने पहले भी कई मौकों पर भारत को हिन्दू राष्ट्र घोषित करने की बात कही है।
भागवत के हिन्दू राष्ट्र के बयान पर ही कश्मीर की सियासत में अहम जगह रखने वाले फारूख अब्दुल्ला ने कश्मीर के हिन्दी राष्ट्र का हिस्सा ना रहने की बात कही।
कश्मीर कभी पाकिस्तान का हिस्सा नहीं बनेगा: अब्दुल्ला
अब्दुल्ला ने कहा कि कश्मीर के लोग अपने हकों की बात कर रहे हैं तो उनकी बात सुनी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि घाटी कभी भी पाकिस्तान का हिस्सा नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि पाक में तो आज भी जमींदारों के पास सारी जायदाद है और गरीब आदमी बेहद बुरे हाल में है।
अब्दुल्ला ने कहा भागवत जैसे लोग अवाम के दिमाग में जहर घोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बातचीत के जरिए ही कश्मीर का मुद्दा सुलझ पाएगा। उन्होंने कहा कि भारत को कश्मीर के अवाम के दिल की बात को सुनना चाहिए।
अब्दुल्ला ने कहा कि पाकिस्तान से बातचीत करके भारत को कश्मीर के मसले पर किसी हल तक जाना चाहिए। उन्होंने कहा जंग किसी मसले का हल नहीं और पड़ोसी आप बदल नहीं सकते तो फिर बातचीत के अलावा क्या किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications