'ये मेरे लिए सम्मान की बात है', आखिर क्यों खुद को भाग्यशाली मान रही हैं सानिया मिर्जा, खोला राज
Tennis Premier League Season 7, Sania Mirza: भारतीय टेनिस आइकन और छह बार की ग्रैंड स्लैम विजेता सानिया मिर्जा इस बार टेनिस प्रीमियर लीग (TPL) के नए सीजन के लिए बेहद उत्साहित हैं। इस बार वह गुड़गांव ग्रैंड स्लैमर्स की ब्रांड एंबेसडर के रूप में नई टीम के साथ जुड़ी हैं। सानिया ने लीग के बढ़ते कद और भारतीय टेनिस में भविष्य के चैंपियनों को बनाने में इसकी अहम भूमिका पर जोर दिया है।
गुड़गांव ग्रैंड स्लैमर्स की ब्रांड एंबेसडर हैं सानिया (Tennis Premier League Season 7, Sania Mirza)
गुड़गांव ग्रैंड स्लैमर्स की टीम काफी मजबूत दिख रही है। उनकी अगुआई विश्व के 38वें नंबर के खिलाड़ी कोरेंटिन मूटे करेंगे, जिन्हें सानिया ने टॉप 40 के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के रूप में सराहा। ऑक्शन में टीम ने अनुभवी सिंगल्स खिलाड़ी नूरिया पारिज़ास डियाज़ को 6 लाख रुपये में जोड़ा, जिनका 2022 में करियर का सर्वोच्च रैंक 45 था। हालांकि, ऑक्शन का मुख्य आकर्षण डबल्स खिलाड़ी श्रीराम बालाजी (डबल्स विश्व रैंक 78) को 12 लाख रुपये की अधिकतम बोली पर खरीदना रहा। यह बोली उन्हें ऑक्शन का संयुक्त रूप से सबसे महंगा खिलाड़ी बनाती है।

सानिया मिर्जा ने कही दिल की बात
आईएएनएस से बात करते हुए सानिया मिर्जा ने नई टीम और उनकी ताकत पर अपना विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हम बहुत उत्साहित हैं। मैं एक नई टीम का हिस्सा हूं। लक्ष्य जीतने की कोशिश करना है। एक दशक से भारतीय महिला टेनिस की पथप्रदर्शक रही सानिया पिछले कुछ वर्षों से TPL से जुड़ी हुई हैं और जमीनी स्तर पर खेल को बढ़ावा देने में लीग के महत्व को स्वीकार करती हैं। उन्होंने कहा कि जितने ज्यादा चैंपियन आप देखते हैं, उतने ज्यादा चैंपियन आप बनाते हैं।
इस मामले में सानिया मिर्जा ने खुद को माना भाग्यशाली
सानिया मिर्जा ने कहा कि मैं टेनिस को इस तरह आगे बढ़ा पा रही हूं ये मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं जो मुझे ऐसा करने का मौका मिल रहा है। उनका मानना है कि TPL जैसे टूर्नामेंट एक 'बिलीफ सिस्टम' बनाते हैं, जिससे देश के अंदर ही चैंपियंस पैदा करने का हौसला मिलता है। 2018 में शुरू हुई इस लीग की सराहना करते हुए सानिया ने कहा कि यह एक ऐसा टूर्नामेंट है जो 7 साल से चल रहा है। एक अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट का इस हद तक बढ़ना, जहां से यह शुरू हुआ था, कोई मज़ाक नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications