Pahalgam Terror Attack: सानिया मिर्जा की चुप्पी भी चीख-चीखकर कह गई बहुत कुछ, आतंकी हमले पर की भावुक पोस्ट
जम्मू-कश्मीर के टूरिस्ट प्लेस पहलगाम (Pahalgam) में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। शांत वादियों में गूंजती गोलियों की आवाज ने न सिर्फ कश्मीर को दहला दिया, बल्कि हर उस दिल को भी, जो इंसानियत में यकीन रखता है। इस हमले में कई मासूम टूरिस्टों की जान गई है।
सोशल मीडिया पर न सिर्फ देशभर की हस्तियां बल्कि पूरी दुनिया से कई बड़े दिग्गजों ने गम और गुस्से में अपना रिएक्शन दिया है। इस लिस्ट में एक नाम भारत की टेनिस लीजेंड सानिया मिर्जा (Sania Mirza) का भी है।

सिर्फ एक शब्द और टूटा दिल- सानिया की चुप्पी ने बोल दिया सबकुछ
सानिया मिर्जा ने इंस्टाग्राम पर एक ब्लैक बैकग्राउंड स्टोरी पोस्ट की, जिसमें सिर्फ एक शब्द था- 'Pahalgam' और उसके साथ था एक टूटा हुआ दिल का इमोजी। जो अपने आप में सबकुछ बयां कर रहा था
ना कोई लंबा कैप्शन, ना कोई बयान-बस एक गहराई में डूबा हुआ रिएक्शन। कभी-कभी खामोशी भी चीख बन जाती है, और सानिया की ये पोस्ट बिल्कुल वैसी ही थी। यह पोस्ट उस इंसान की थी, जो देश के हर ज़ख्म को अपने दिल पर महसूस करता है। सानिया मिर्ज़ा इस पल एक स्टार नहीं, बल्कि एक आम हिंदुस्तानी बनकर सामने आईं- जो पहलगाम की पीड़ा से उतना ही टूट चुका है, जितना कोई और।
पहलगाम में कहां हुआ आतंकी हमला?
दरअसल, 22 अप्रैल 2025 को जम्मू और कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसरान घाटी में हुए आतंकवादी हमले में कम से कम 26 पर्यटकों की मौत हो गई और दर्जनों अन्य घायल हो गए। यह हमला भारतीय पर्यटकों सहित विदेशी नागरिकों को भी निशाना बनाते हुए किया गया, जिसमें दो विदेशी नागरिकों की भी मौत हुई है। आतंकवादी हमलावरों ने पास के जंगल से करीब से गोलीबारी की, जिससे यह हमला हाल के वर्षों में नागरिकों पर सबसे घातक हमला बन गया है।
सऊदी अरब यात्रा बीच में समाप्त कर स्वदेश लौटे प्रधानमंत्री
हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सऊदी अरब यात्रा को बीच में ही समाप्त कर दिल्ली लौटने का निर्णय लिया। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ हाई लेवल मीटिंग की और जम्मू-कश्मीर में स्थिति की समीक्षा की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी जम्मू-कश्मीर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए।
हमले की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी निंदा
हमले के बाद, अनंतनाग पुलिस ने पर्यटकों के लिए 24/7 आपातकालीन हेल्प डेस्क की स्थापना की है, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में सहायता प्राप्त कर सकें। इस हमले की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी निंदा की गई है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अन्य वैश्विक नेताओं ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। पुलिस ने हमलावरों की पहचान करने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications