Rafael Nadal ने रियल मैड्रिड के लीजेंड अमारो के निधन पर जताया शोक, क्लब से रहा है खास लगाव
Rafael Nadal: राफेल नडाल का फुटबॉल प्रेम किसी से छुपा नहीं है। वे स्पेनिश टीम के साथ रियल मैड्रिड के मुरीद रहे हैं और लियोनल मेसी के बड़े फैन हैं।

Rafael Nadal: टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी राफेल नडाल ने फुटबॉल के बड़े क्लब रियल मैड्रिड के दिग्गज अमानसियो अमारो के निधन पर शोक व्यक्त किया है। अमारो ने अक्टूबर 2022 से क्लब के मानद अध्यक्ष के रूप में भी काम किया वे डेपोर्टिवो ला कोरुना और स्पेनिश नेशनल टीम के लिए भी खेले। 21 फरवरी को अमारो का 83 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। फुटबॉलर ने 1962 और 1976 के बीच रियल मैड्रिड के लिए कुल 14 सीजन खेले। जाहिर है वे बड़े खिलाड़ी रहे जिनके लिए नडाल से लेकर मेसी तक कई हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है।
दिवंगत खिलाड़ी ने नौ ला लीगा खिताब और एक यूरोपीय कप जीता है। अमारो ने रियल मैड्रिड के लिए अपने 471 मैचों में 155 गोल किए।
टेनिस के दिग्गज राफेल नडाल भी फुटबॉल के मुरीद हैं। ये खेल दुनिया में लोकप्रिय है और नडाल भी अपवाद नहीं हैं। राफेल नडाल का फुटबॉल के प्रति प्रेम किसी से छुपा नहीं है। पूर्व विश्व नंबर 1 ने पहले भी खुलासा किया था कि जब वह एक बच्चे के रूप में टेनिस और फुटबॉल दोनों खेलते थे, तो उन्हें सिर्फ एक खेल चुनने का कठिन निर्णय लेने के लिए कहा गया था क्योंकि आपको किसी चीज में शिखर छूना है तो फोकस केवल उसी पर करना होगा। नडाल ने टेनिस को चुना और दुनिया पर छा गए। वे फुटबॉलर के निधन की दुर्भाग्यपूर्ण खबर से दुखी थे और उन्होंने अपनी संवेदना व्यक्त की।
स्पेन के दिग्गज राफा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा- "रेस्ट इन पीस अमानिको। हम हमेशा के लिए आपके शुक्रगुजार रहेंगे।"

वैसे भी राफेल नडाल स्पेनिश फुटबॉल टीम और रियल मैड्रिड के लंबे समर्थक रहे हैं। उन्होंने अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम के लिए भी अपनी दीवानगी जाहिर करने में कोई दिक्कत महसूस नहीं की और 2022 फीफा विश्व कप में उनकी ताजा जीत की काफी सराहना की। 22 बार के ग्रैंड स्लैम नडाल चैंपियन अर्जेंटीना टीम के कप्तान लियोनेल मेसी के लिए भी रोमांचित थे, जिन्होंने टीम के लिए दो गोल किए और विश्व कप उठा लिया।
Recommended Video

नडाल और मेसी दोनों को प्रतिष्ठित लॉरियस स्पोर्ट्समैन ऑफ द ईयर अवार्ड के लिए नामांकित किया गया है। नडाल ने 2022 में अपनी शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं, जिसमें दो ग्रैंड स्लैम जीतना शामिल है लेकिन पूर्व विश्व नंबर 1 का मानना है कि लियोनेल मेसी इसके हकदार हैं जिन्होंने अर्जेंटीना का वो सपना फिर से पूरा कर दिया जिसको हकीकत में देखने के लिए डिएगो माराडोना एक लंबी नींद सो गए।












Click it and Unblock the Notifications