Australian Open 2026: कार्लोस अल्काराज ने सबसे लंबा सेमीफाइनल जीतकर बनाई फाइनल में जगह
Carlos Alcaraz: मेलबर्न पार्क में शुक्रवार को जो हुआ, वह ऑस्ट्रेलियन ओपन इतिहास की किताबों में दर्ज हो चुका है। दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज़ ने तीसरी वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज्वेरेव को मैराथन मुकाबले में हराकर पहली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में जगह बना ली। यह सेमीफाइनल न सिर्फ टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे लंबा सेमीफाइनल रहा, बल्कि मेलबर्न में खेले गए सबसे लंबे मुकाबलों में भी शामिल हो गया। मैच कुल 5 घंटे 27 मिनट तक चला।
अल्काराज़ ने 6-4, 7-6(5), 6-7(3), 6-7(4), 7-5 से जीत दर्ज की। मुकाबला पूरी तरह उतार-चढ़ाव से भरा रहा। तीसरे सेट के आखिर में अल्काराज़ की दाहिनी जांघ में खिंचाव की समस्या दिखाई दी और ऐसा लगा कि मैच का रुख बदल सकता है। लेकिन 22 वर्षीय स्पेनिश स्टार ने शानदार मानसिक मजबूती दिखाते हुए निर्णायक सेट में 3-5 से पिछड़ने के बाद वापसी की और जीत अपने नाम की।

इस जीत के साथ अल्काराज़ ओपन एरा में सबसे कम उम्र में चारों ग्रैंड स्लैम के फाइनल तक पहुंचने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। अब वे करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने से सिर्फ एक कदम दूर हैं। अगर वे रविवार को फाइनल जीत जाते हैं, तो सबसे कम उम्र में करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे, जो फिलहाल उनके हमवतन राफेल नडाल के नाम दर्ज है।
फाइनल में उनका सामना दो बार के डिफेंडिंग चैंपियन जैनिक सिनर या 10 बार के ऑस्ट्रेलियन ओपन विजेता नोवाक जोकोविच से होगा। यानी आखिरी मुकाबला अनुभव और युवा ऊर्जा के बीच बड़ी टक्कर साबित हो सकता है।
इतिहास भी अल्काराज़ के पक्ष में संकेत दे रहा है। एटीपी रैंकिंग में नंबर एक रहते हुए कई दिग्गज खिलाड़ियों ने ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीता है। अब तक एटीपी नंबर 1 क्लब के आठ खिलाड़ियों ने शीर्ष रैंकिंग के साथ कुल 16 ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब अपने नाम किए हैं। पिछले सीजन जैनिक सिनर ने भी नंबर एक रहते हुए यह उपलब्धि हासिल की थी, जबकि 2021 में नोवाक जोकोविच ने ऐसा किया था।












Click it and Unblock the Notifications