National Sports Day: खेल को बनाएं आदत, जीवन को बनाएं फिट! राष्ट्रीय खेल दिवस पर सितारों ने शुरू की खास मुहिम
National Sports Day: हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर हर साल 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाता है। इस खास मौके पर खेल और फिल्म जगत के दिग्गज एकजुट होकर लोगों को फिटनेस और खेलों से जुड़ने का संदेश देते हैं।
इस बार भी ओलंपिक चैंपियन, बॉलीवुड सितारे और खेल जगत के दिग्गजों ने मिलकर एक अनोखी मुहिम छेड़ी, जिसमें उन्होंने खेलों को सिर्फ मनोरंजन या प्रतियोगिता तक सीमित न रखकर, जीवन का अहम हिस्सा बनाने की अपील की।

सितारों का प्रेरक संदेश
बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना और अभिनेत्री शर्वरी, ओलंपिक चैंपियन पीवी सिंधु, वेटलिफ्टिंग स्टार मीराबाई चानू और शूटिंग लीजेंड अभिनव बिंद्रा ने एक वीडियो संदेश के ज़रिए देशवासियों से अपील की कि खेलों को अपनी दिनचर्या में शामिल करें और फिटनेस को आदत बनाएं।
सोशल मीडिया पर बढ़ा संदेश
फिट इंडिया आइकॉन आयुष्मान खुराना और यंग फिट इंडिया आइकॉन शर्वरी ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर किया। उन्होंने लोगों को व्यक्तिगत रूप से भी खेलकूद की जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानमंत्री का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे अनुशासन, धैर्य और टीम भावना जैसी महत्वपूर्ण सीख भी देते हैं।
मेजर ध्यानचंद
मेजर ध्यानचंद को दुनिया भर में हॉकी का जादूगर कहा जाता है। उन्होंने भारत को तीन ओलंपिक गोल्ड मेडल साल 1928, 1932 और 1936 में दिलाए और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। उनकी अद्भुत स्टिक वर्क और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें आज भी लाखों खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बना रखा है। राष्ट्रीय खेल दिवस उनकी ही याद में मनाया जाता है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को खेलों का महत्व समझाया जा सके।
खेल को आदत बनाएं
खेल दिवस के इस मौके पर सभी सितारों और खिलाड़ियों का संदेश साफ़ था, खेल को सिर्फ एक शौक नहीं, बल्कि जीवन का हिस्सा बनाएं और फिटनेस को हमेशा प्राथमिकता दें।
ये भी पढ़ें: 'मैं खेल छोड़ दूंगा', किस बात से आहत हुए मोहम्मद शमी? BCCI के चयनकर्ताओं पर जमकर निकाली भड़ास












Click it and Unblock the Notifications