'मैं खेल छोड़ दूंगा', किस बात से आहत हुए मोहम्मद शमी? BCCI के चयनकर्ताओं पर जमकर निकाली भड़ास
Mohammed Shami: मोहम्मद शमी भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। आईपीएल के बाद उनको इंग्लैंड दौरे पर टीम में नहीं रखा गया था। इसके बाद उनको एशिया कप की टीम में भी शामिल नहीं किया गया। इस बीच शमी ने एक इंटरव्यू देकर तहलका मचाने वाली बातें कही हैं।
रिटायरमेंट के सवाल पर शमी भड़क उठे और तीखी बातें कही। इसके अलावा उन्होंने टीम में शामिल नहीं होने को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। ऐसा लग रहा था कि वह टीम में आने के लिए तैयार हैं। टीम से बाहर किये जाने पर वह आहत नज़र आ रहे हैं।

न्यूज 24 से बातचीत में शमी ने कहा कि अगर किसी को मुझसे कोई दिक्कत है तो साफ-साफ बताए। मेरे रिटायर होने से आखिर किसकी ज़िंदगी सुधर जाएगी? क्या मैं किसी की ज़िंदगी में बोझ या रुकावट बना हुआ हूँ कि लोग मेरे रिटायरमेंट की बात कर रहे हैं? जिस दिन मुझे खुद लगेगा कि अब खेलना नहीं है, मैं खुद ही क्रिकेट छोड़ दूंगा।
Mohammed Shami हुए आहत
शमी ने यह भी कहा कि मुझे टीम में शामिल नहीं करना है, तो मत करो, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं मेहनत करता रहूंगा। आप मुझे इंटरनेशनल में पिक नहीं करेंगे तो मैं घरेलू क्रिकेट खेलता रहूंगा। मैं कहीं कहीं खेलता रहूंगा। जब आप बोर महसूस करते हैं, तो रिटायरमेंट जैसा फैसला लेते हैं।
भारतीय गेंदबाज ने कहा कि जब सुबह 7 बजे टेस्ट मैच के लिए उठने का मन न करे, तो समझ लीजिए कि अब आपका समय खत्म हो गया है। लेकिन अगर मैं आज भी 5 बजे उठने को तैयार हूं, तो साफ है कि मेरा जुनून अभी बाकी है।
Mohammed Shami का क्या है सपना
भारतीय तेज गेंदबाज ने अपना एक बड़ा सपना भी बता दिया है। उनका मानना है कि वह एकदिवसीय वर्ल्ड कप जीतना चाहते हैं और उस टीम का हिस्सा बनना चाहते हैं। 2023 में हम जीत के बहुत करीब थे। अंदर से हमें उम्मीद भी थी और थोड़ा डर भी था कि लगातार जीत के बाद नॉकआउट स्टेज में चुनौती बड़ी होगी। उस डर के बीच भी फैंस का जोश और उनका विश्वास हमें आगे बढ़ने की ताकत देता रहा। ये सपना जरूर था जो पूरा हो सकता था, लेकिन शायद मेरी किस्मत में ऐसा नहीं लिखा था।












Click it and Unblock the Notifications