WWC 2022: ब्रॉन्ज जीतने वाले बजरंग पूनिया ने पत्नी संगीता संग शादी में लिए थे 8 फेरे, वजह दिल को छू जाएगी
नई दिल्ली,19 सितंबर। एक बार फिर से भारतीय पहलवान बजरंग पूनिया ने विश्वपटल पर देश को इतराने का मौका दिया है, उन्होंने वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर सफलता का नया इतिहास लिखा है। गौरतलब है कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के गोल्ड मेडलिस्ट बजरंग ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। उन्होंने पुएर्टो रिको के सेबस्टियन रिवेरा को 11-9 से करारी शिकस्त दी है।

पूनिया के करियर का ये चौथा पदक
मेहनत, लगन और सादगी के जीती जागती मिसाल बजरंग पूनिया इसी के साथ ही विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में चार पदक जीतने वाले एकमात्र भारतीय बन गए। इससे पहले वो साल 2013 में कांस्य, साल 2018 में सिल्वर और साल 2019 में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुके हैं।

हरियाणा के झाझर गांव में हुआ जन्म
आपको बता दें कि पहलवान बजरंग पूनिया का जन्म 26 फरवरी 1994 को हरियाणा के झाझर गांव में हुआ था। कुश्ती का गुण इन्हें अपने पिता बलवान सिंह पुनिया से मिला और सात साल की अवस्था में दंगल के लिए उतरे थे, पूनिया ने कुछ दिनों तक रेलवे में टिकट चेकर (TTE) की भी नौकरी की है।

पहलवान संगीत फोगाट से की है शादी
पूनिया ने साल 2020 में दंगल गर्ल्स के नाम से मशहूर बबीता-गीता फोगाट की सबसे छोटी बहन और पहलवान संगीत फोगाट को अपना जीवनसाथी चुना। पद्मश्री पहलवान बजरंग पूनिया और संगीता फोगाट की शादी चरखी दादरी जिले के गांव बलाली में काफी सीमित लोगों के बीच हुई थी क्योंकि उस वक्त कोरोना की पहली लहर की वजह से सबको कोविड गाइडलाइंस को फॉलो करना बहुत जरूरी था। लेकिन ये शादी कई मामलों में खास थी।

'शादी में बजरंग और संगीता ने 7 नहीं 8 फेरे लिए थे'
पहली बात तो ये शादी देश को दो दिग्गज पहलवानों के बीच हो रही थी। दूसरी इस शादी में दहेज के नाम पर जीरो पैसे लिए और दिए गए थे और तीसरी सबसे खास बात ये थी कि इस शादी में दूल्हा-दुल्हन यानी कि बजरंग और संगीता ने 7 नहीं 8 फेरे लिए थे।

'बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ'
ये आठवां फेरा 'बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ' के संकल्प के रूप में लिया गया था और साथ ही शादी के बाद बजरंग और संगीता ने एक-एक पौधा लगाकर पर्यावरण को बचाने का आह्वान भी किया था। इन्हीं सब वजहों से ये शादी काफी दिनों तक सुर्खियों में बनी रही थी।

कहलाते हैं परफेक्ट कपल
संगीता फोगाट सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं। उनकी और पूनिया की कई खूबसूरत तस्वीरों को वहां पर देखा जा सकता है। दोनों को लोग परफेक्ट कपल के रूप में संबोधित करते हैं।

एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीता
मालूम हो कि पुनिया ने 2018 के एशियन खेलों में पुरुषों की 65 किलोग्राम वर्ग स्पर्धा के फाइनल में जापान के पहलवान ताकातानी डायची को 11-8 से हराया था। एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीतने वाले बजरंग पूनिया भारत के 9वें पहलवान हैं।












Click it and Unblock the Notifications