Women's World Boxing Championship: लवलीना बोरगोहेन ने भी जीता गोल्ड, भारत को चौथा स्वर्ण पदक
Women's World Boxing Championship: फाइनल मुकाबले में लवलीना ने ऑस्ट्रेलिया की मुक्केबाज को पराजित कर दिया। यह बाउट रिव्यू में गई थी।

Women's World Boxing Championship: महिला वर्ल्ड बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में लवलीना बोरगोहेन ने स्वर्ण पदक जीत लिया। भारत को इस इवेंट में चौथा गोल्ड मेडल मिला। भारत के लिए फाइनल में चारों मुक्केबाजों ने गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। लवलीना ने 70-75 किलोग्राम के फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की कैटलिन पार्कर को 5-2 से हराते हुए सोना जीत लिया। सभी तीनों राउंड समाप्त होने के बाद यह बाउट रिव्यू में गई थी। वहां से लवलीना के जीतने का ऐलान किया गया।
पहला राउंड लवलीना ने डोमिनेट करते हुए शुरू किया। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की कैटलिन पार्कर ने भी जवाबी हमला बोला। अंततः राउंड समाप्त होने पर लवलीना बढ़त बनाने में कायाब रहीं। दूसरे राउंड में पार्कर ने आक्रमण करने की रणनीति अपनाई और वह सफल भी रहीं। दूसरा राउंड ऑस्ट्रेलियाई मुक्केबाज ने जीत लिया। इस तरह मुकाबला दिलचस्प हो गया। पार्कर ने बेहतरीन वापसी की। अंतिम राउंड के बाद बाउट रिव्यू में गई। वहां सुपरवाईजर और ऑब्जर्वर के अंक भी देखे जाते हैं। यहां भी लवलीना ने बाजी मार गोल्ड पर कब्जा जमा लिया।
ऑस्ट्रेलिया की कैटलिन पार्कर ने दो बार राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीता है। वहीँ लवलीना ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक हासिल किया था। उनसे इस बाउट में पदक की उम्मीद थी और उन्होंने निराश नहीं किया। भारत के लिए इस चैम्पियनशिप में सबसे पहले नीतू घंघास ने स्वर्ण पदक जीता था। उनके बाद स्वीटी बूरा ने गोल्ड पर कब्जा जमाया था। दोनों के मुकाबले शनिवार को सम्पन्न हुए थे। रविवार को सबसे पहले निखत ज़रीन ने गोल्ड मेडल जीता और अंत में लवलीना ने भी अपना मुकाबला जीतकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया।












Click it and Unblock the Notifications