कौन थे पीटी उषा के पति वी श्रीनिवासन? अचानक कैसे हुआ निधन! CISF में निभाई अहम भूमिका
Who Was Vengalil Srinivasan: भारतीय एथलेटिक्स की दिग्गज खिलाड़ी और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष पीटी उषा के पति वी. श्रीनिवासन का शुक्रवार (30 जनवरी, 2026) सुबह निधन हो गया। वह 67 वर्ष के थे।
खबरों के अनुसार श्रीनिवासन शुक्रवार तड़के केरल के थिक्कोडी पेरुमलपुरम अपने आवास पर अचानक गिर गए थे। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका, उनके निधन का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है लेकिन फाइनल रिपोर्ट आना बाकी है।

पीटी उषा का हर समय दिया साथ
केंद्र सरकार के पूर्व कर्मचारी रहे श्रीनिवासन, पी.टी. उषा के खेल करियर से लेकर उनके राजनीतिक सफर (राज्यसभा सांसद) तक हर कदम पर उनके साथ रहे। उन्हें उषा की सफलताओं के पीछे का मुख्य मार्गदर्शक और उनकी ताकत माना जाता था। उनके परिवार में पत्नी पी.टी. उषा और उनका बेटा उज्ज्वल हैं।
CISF से हुए थे रिटायर
वी श्रीनिवासन केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) से डिप्टी एसपी (DySP) के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। अपनी पेशेवर ज़िम्मेदारियों के साथ-साथ, उन्होंने पीटी उषा के जीवन में एक मार्गदर्शक की भूमिका निभाई। चाहे वह ट्रैक पर उषा का स्वर्णिम दौर हो या खेल प्रशासन और राजनीति में उनकी नई पारी, श्रीनिवासन हमेशा एक मजबूत ढाल की तरह उनके साथ खड़े रहे।
कब हुई पीटी उषा से शादी?
उन्होंने 1991 में पीटी उषा से विवाह किया था और दोनों दूर के रिश्तेदार भी थे। सरकारी नौकरी में रहते हुए भी उन्होंने हमेशा उषा का हर कदम पर साथ दिया। वे सिर्फ जीवनसाथी ही नहीं, बल्कि उनके सबसे बड़े समर्थक और मजबूत सहारा थे। खेल जगत में उन्हें एक शांत स्वभाव, समझदार और सहयोगी व्यक्तित्व के रूप में सम्मान मिला हुआ था।
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री मोदी ने श्रीनिवासन के निधन पर दुःख जताते हुए पीटी उषा को फोन किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांदी के लिए प्रार्थना की और पीटी उषा के परिवार को हिम्मत रखने की बात कही।












Click it and Unblock the Notifications