विनेश फोगाट ने राष्ट्रीय पुरस्कार वापस लौटाने का किया ऐलान, पीएम मोदी को लिखा लेटर
Vinesh Phogat: रेसलिंग फेडरेशन ऑफ़ इंडिया को लेकर चल रही उठापटक के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। महिला पहलवान विनेश फोगाट ने अपना खेल रत्न वापस देने का की घोषणा की है। फोगाट ने अपना अर्जुन अवॉर्ड भी वापस देने की बात कही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक लेटर लिखते हुए विनेश फोगाट ने इसका ऐलान किया है। इससे पहले बजरंग पूनिया ने भी अपना पद्म श्री वापस देने की घोषणा की थी। साक्षी मलिक ने कुश्ती से संन्यास लिया है। कथित तौर पर बृजभूषण सिंह के करीबी माने जाने वाले संजय सिंह के WFI अध्यक्ष बनने के बाद पहलवानों ने विरोध जताते हुए ये कदम उठाये हैं।

हालांकि खेल मंत्रालय ने रेसलिंग फेडरेशन ऑफ़ इंडिया को बर्खास्त कर दिया है। संजय सिंह ने अध्यक्ष बनने के बाद अंडर 15 और अंडर 20 रेसलिंग इवेंट्स का आयोजन कराने का फैसला लिया था। इसके बाद खेल मंत्रालय हरकत में आया था। विनेश ने दो पन्नों का एक बड़ा लेटर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।
विनेश फोगाट को एशियाई खेलों के लिए बिना ट्रायल सीधे एंट्री मिली थी लेकिन बाद में उन्होंने घोषणा करते हुए कहा था कि घुटने की चोट के कारण वह टूर्नामेंट नहीं खेल पाएंगी। बजरंग पूनिया भी एशियाई खेलों में शामिल थे लेकिन वह ब्रोंज मेडल मैच में हारे थे। बृजभूषण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने के बाद कुछ पहलवानों ने धरना दिया था, उनमें विनेश, साक्षी और बजरंग भी शामिल थे।
रेसलिंग फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण सिंह के ऊपर लगे आरोपों को लेकर मामला चल रहा है। यह कोर्ट में है। बर्खास्त किये गए अध्यक्ष संजय सिंह ने एक इंटरव्यू में पहलवानों के बयानों को पूरी तरह ख़ारिज किया है। संजय सिंह ने कहा कि मैं फेडरेशन में सेकेट्री था, बृज भूषण से मेरा कोई लेनादेना नहीं है। हम दोनों का क्षेत्र अलग है और मेरी जाति भी उनसे अलग है। इस वजह से उनसे नजदीकी के आरोप पूरी तरह से गलत हैं।












Click it and Unblock the Notifications