'कल रात से परेशान हूं, मुझे समझ नहीं आ रहा कि....', कुश्ती छोड़ने के बाद भी टेंशन में साक्षी मलिक
Sakshi Malik: भारतीय पहलवान साक्षी मलिक ने कुछ दिन पहले ही कुश्ती को छोड़ने का फैसला किया था। साक्षी मलिक ने अचानक संन्यास का ऐलान करते हुए सभी को हैरान कर दिया। मलिक के संन्यास लेने के अगले ही दिन बजरंग पूनिया ने राष्ट्रपति से मिले पद्मश्री को वापस लौटने का फैसला किया। जिसके बाद से ये दोनों ही पहलवान सुर्खियों में हैं।
महिला पहलवानों को लेकर चिंतित: भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष के चुनाव में बृजभूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह को बतौर अध्यक्ष चुने जाने के बाद में साक्षी मलिक ने कुश्ती को छोड़ने का ऐलान किया। कुश्ती छोड़ने के बाद भी साक्षी मलिक जूनियर महिला पहलवानों को लेकर चिंतित दिखाई पड़ रही हैं। बता दें कि भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और पहलवानों के बीच चल रहे विवाद को लेकर पिछले 11 महीने से कोई प्रतियोगिता नहीं हुई है।

साक्षी मलिक ने किया पोस्ट: साक्षी मलिक ने 23 दिसंबर यानी कि शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया। अपने ट्विटर हैंडल अकाउंट से साक्षी मलिक ने लिखा कि मैंने कुश्ती छोड़ दी है पर कल रात से परेशान हूं वे जूनियर महिला पहलवान क्या करें जो मुझे फ़ोन करके बता रही हैं कि दीदी इस 28 तारीख़ से जूनियर नेशनल होने हैं और उसे नई कुश्ती फेडरेशन ने नन्दनी नगर गोंडा में करवाने का फ़ैसला लिया है।
मलिक ने आगे लिखा कि गोंडा बृजभूषण का इलाक़ा है। अब आप सोचिए कि जूनियर महिला पहलवान किस माहौल में कुश्ती लड़ने वहां जाएंगी। क्या इस देश में नंदनी नगर के अलावा कहीं पर भी नेशनल करवाने की जगह नहीं है क्या? समझ नहीं आ रहा कि क्या करूं।












Click it and Unblock the Notifications