'जो मैं चाहता था वो नहीं कर पाया', PM मोदी से बात करते हुए छलका नीरज का दर्द
PM Modi Calls Neeraj Chopra: पेरिस ओलंपिक 2024 में जैवलिन थ्रो इवेंट में नीरज चोपड़ा ने सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया। नीरज चोपड़ा लगातार दूसरी बार इस खेल में भारत को मेडल दिलाने में कामयाब रहे हैं। पिछली बार टोक्यो ओलंपिक के दौरान उन्होंने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया था। नीरज ने अपने प्रदर्शन को पेरिस ओलंपिक में भी बरकरार रखा है, लेकिन इस बार वह गोल्ड जीतने से चूक गए।
पीएम मोदी ने दी बधाई
सिल्वर मेडल जीतने के बाद नीरज चोपड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वीडियो कॉल पर बातचीत की। बातचीत के दौरान उन्होंने अपने प्रदर्शन, मेडल और अन्य चीजों पर भी प्रकाश डाला। पेरिस में उनकी सफलता के बाद पीएम मोदी ने उन्हें बधाई दी। हालांकि, बातचीत के दौरान नीरज की निराशा साफ झलक रही थी। नीरज को गोल्ड मेडल नहीं पाने का दुख साफ दिखाई दे रहा है।

मोदी के सामने छलका नीरज का दर्द
बता दें कि नीरज चोपड़ा ने जेवलिन थ्रो के फाइनल में 89.45 मीटर की दूरी तय करके सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता। पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 92.97 मीटर की दूरी तय करके गोल्ड मेडल जीता। इस उपलब्धि के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें नीरज पीएम मोदी से बात कर रहे हैं। फोन उठाते ही पीएम मोदी ने उन्हें बधाई दी, लेकिन बातचीत के दौरान नीरज का गोल्ड न जीत पाने का दर्द छलक आया।
जो मैं चाहता था वो नहीं कर पाया
पीएम मोदी ने कहा, नीरज बहुत, बहुत, बहुत, बहुत बधाई आपको। आपने देश का नाम फिर एक बार रोशन कर दिया। मैं देख रहा था रात को 1 बजे भी करोड़ो लोग आपकी तरफ आशा के साथ देख रहे थे। इस पर नीरज ने कहा, 'बस सर वही है कि जो सबकी उम्मीद थी गोल्ड के लिए दम लगाया। जैसा कि हमारी बात भी हुई थी कि इंजरी की वजह से जो पुश करना चाहता था वह नहीं कर पाया। मुकाबला काफी तगड़ा था और ऐसी हालत में भी थ्रो करना, मेडल लाना देश के लिए उसकी खुशी है।
पीएम मोदी ने बढ़ाया हौसला
पीएम ने आगे कहा, 'नहीं, नहीं आपने बहुत अच्छा किया है और पिछली बार भी मुझे याद है आपने आपके प्रतिस्पर्धी नदीम की तरीफ की थी। आपने कहा था कि उससे मुकाबला काफी तगड़ा होता है। नीरज ने कहा, 'सर यह काफी अच्छा रहा, वही है कि ये तो सिलसिला चलता रहेगा गेम में. अभी आगे और मेहनत करेंगे। पीएम मोदी ने नीरज से पूछा कि क्या आपकी माता भी स्पोर्ट्स से जुड़ी हुई थीं। इस पर नीरज ने बताया कि नहीं सर, मेरे घर से कोई भी स्पोर्ट्स में नहीं था। पीएम मोदी ने नीरज की माता की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने जो अरशद नदीम को लेकर कहा वो सराहनीय है।












Click it and Unblock the Notifications