CWG पदक विजेता तेजस्विन शंकर के लिये पोल वॉल्ट लैंडिंग पिट खरीदने की मिली मंजूरी
CWG Medalist Tejaswin Shankar: मिशन ओलंपिक सेल ने सीडब्ल्यूजी पदक विजेता तेजस्विन शंकर के लिए पोल वॉल्ट लैंडिंग पिट की खरीदने के लिये वित्तीय सहायता की मंजूरी दी है। हांगझोउ एशियाई खेलों में ऊंची कूद और डेकाथलन के लिये क्वालीफाई कर चुके शंकर 23 सितंबर से शुरू हो रहे खेलों तक अकेले इसका इस्तेमाल करेंगे। उसके बाद जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में अभ्यास करने वाले सभी खिलाड़ी इसका प्रयोग कर सकेंगे।
टॉप्स के तहत कवर की जाएगी लागत
मंत्रालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इसे खरीदने और लाने की लागत टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना (TOPS) के तहत कवर किया जाएगा। तेजस्विन के अलावा एमओसी ने पिस्टल निशानेबाज राही सरनोबत (Rahi Sarnobat) को ब्राजील के रियो दि जिनेरियो में प्रैक्टिस और टूर्नामेंट में भाग लेने के लिये वित्तीय सहायता को मंजूरी दे दी है।

आईएसएसएफ विश्व कप में भाग लेंगी राही सरनोबत
राही दो से 19 सितंबर से रियो में रहेगी जहां आईएसएसएफ विश्व कप में भाग लेंगी। टॉप्स के तहत उनका और उनकी फिजियोथेरेपिस्ट ऐश्वर्य देशपांडे का हवाई किराया, रहने और खाने का खर्च, स्थानीय यातायात, राही की रेंज और प्रशिक्षण की फीस, वीजा और बीमा की फीस वहन की जायेगी।
राही और अभिंद्या पाटिल को यूरोप में प्रशिक्षण को भी मिली स्वीकृति
राही के अलावा निशानेबाज इलावेनिल वालारिवान की भी रियो विश्व कप में भागीदारी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। राही और निशानेबाज अभिंद्या पाटिल के यूरोप में प्रशिक्षण को भी स्वीकृति मिल गई है। टेबल टेनिस खिलाड़ी स्वस्तिका घोष और पायस जैन 20 दिन के लिये जापान में कोच की जियान शियान के मार्गदर्शन में अभ्यास करेंगे और विभिन्न टूर्नामेंटों में भाग लेंगे जिसे टॉप्स से मंजूरी मिल गई है।












Click it and Unblock the Notifications