भारतीय MMA फाइटर ऋतु फोगाट की वापसी का ऐलान, कब और कहां होगा मुकाबला?
भारत की शीर्ष मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) फाइटर ऋतु फोगाट जल्द वापसी करने जा रही हैं। 20 फरवरी को होने वाले 'ONE 171: Qatar' इवेंट के लिए उनकी अगली फाइट की घोषणा कर दी गई है। "द इंडियन टाइग्रेस" उपनाम से मशहूर फोगाट का सामना जापान की अनुभवी फाइटर अयाका मियूरा से होगा, जो अपनी पिछली तीन फाइट शानदार अंदाज में जीतने में कामयाब रही हैं।
रेसलर से MMA फाइटर बनीं 30 वर्षीय फोगाट का रिकॉर्ड 7-3 (जीत-हार) का है। उन्होंने साल 2019 में MMA की दुनिया में कदम रखते हुए अपने डेब्यू मैच में दक्षिण कोरियाई प्रतिद्वंदी नाम ही किम को पहले राउंड में तकनीकी नॉकआउट से मात देकर परचम लहराया था।

पूर्व कॉमनवेल्थ रेसलिंग गोल्ड मेडल विजेता ने इतिहास अपने नाम किया, जब उन्होंने ONE एटमवेट वर्ल्ड ग्रां प्री चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने में सफलता पाई। हालांकि, उन्हें फाइनल में मशहूर थाई फाइटर स्टैम्प के हाथों हार का सामना करना पड़ा। फोगाट ने अपना आखिरी मुकाबला सितंबर 2022 में लड़ा था। साल के अंत में वो शादी के बंधन में बंध गईं और इस साल उन्होंने बेटे को जन्म दिया।
अब वो मां बनने के बाद पहली बार वापसी करते हुए अपने वर्ल्ड चैंपियन बनने के सपने की तरफ पूरी ताकत के साथ बढना चाहती हैं और अपने रास्ते में आने वाली हर बाधा को पार करने के लिए तैयार हैं। फैन्स को भी उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार है।
फोगाट ने इस फाइट को लेकर कहा, "मैं पिछले दो सालों से अपने परिवार पर ध्यान देने और मां बनने के बाद ONE Championship में अपने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स करियर को फिर से शुरु करने के लिए तैयार हूं। सर्कल में वापसी करने की ये यात्रा काफी लंबी रही है। "मैं ग्लोबल स्टेज पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। 'द इंडियन टाइग्रेस' वापस आ गई है और तैयार है।"












Click it and Unblock the Notifications