Exclusive: पेरिस ओलंपिक में इतिहास रचने वाली मनु भाकर हैं गुस्सैल? जानिए मां सुमेधा ने क्या कहा?
Paris Olympics 2024 (वनइंडिया Exclusive): पेरिस ओलंपिक में बैक टू बैक पदक जीतकर सफलता का नया इतिहास लिखने वाला मनु भाकर का नाम आज देश के बच्चे-बच्चे की जुबान पर है।
वो एक ही ओलंपिक में दो बार पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला है। 22 साल की उम्र में कमाल करने वाली मनु भाकर जितनी अच्छी निशानेबाजी करती हैं उतनी ही अच्छी वो बेटी भी हैं।

इस बारे में वनइंडिया हिंदी से खुलकर बात की मनु भाकर की मां सुमेधा भाकर ने, जिन्होंने कहा कि 'आज पूरी दुनिया उन्हें उनकी बेटी के नाम से जान रही है।
'उसकी सफलता देखकर बहुत ज्यादा खुश हूं'
'मनु ने वाकई कमाल कर दिया, उसकी सफलता देखकर बहुत ज्यादा खुश हूं, वो हमारे घर के लिए वरदान है, साक्षात लक्ष्मी का रूप, सच बताऊं तो मैंने उसका खेल देखा ही नहीं था, मुझे तो पड़ोसी ने बताया कि बिटिया ने मेडल जीत लिया है। बहुत ज्यादा खुश हूं और देशवासियों का दुआएं काम आ गईं।'
'मैंने कभी भी मनु को कुछ करने से रोका नहीं'
मनु की मां ने कहा कि 'मैंने कभी भी मनु को कुछ करने से रोका नहीं, उसने जब-जब जो कहा, हमने उसे पूरा करने की कोशिश की। वो हर चीज में बहुत ज्य़ादा अच्छी है। वो बचपन में बहुत सारे खेल खेला करती थी, मैंने कभी उस पर रोक-टोक नहीं की, बस उसे हमेशा सपोर्ट करते रहे।'
आज मेरा घर मेडल्स से भर चुका है: सुमेधा भाकर
'आज मेरा घर मेडल्स से भर चुका है। मनु बहुत ज्यादा मेहनती है, जो भी काम करती है, बहुत ही मन लगाकर करती है और इसी वजह से आज वो वहां पहुंची है, जहां दुनिया उसे सलाम कर रही है। इसके पीछे उसकी मेहनत और समर्पण है।'
मनु भाकर को क्या गुस्सा नहीं आता?
तो इस पर सुमेधा भाकर ने कहा कि 'वो जब बाहर से घर आती है तो मैं पहले ही उसका चेहरा देखकर समझने का प्रयास करती हूं कि उसका मूड कैसा है? हम घर में बहुत नार्मल और सकारात्मक रहते हैं, मेरे घर में बहुत सारे फूल लगे हुए हैं, मैं उसे अक्सर गुलाब का फूल लाकर देती हूं, जिस पर वो हंस पड़ती है। मैंने अपने बच्चों को यही सिखाया है कि आशा-निराशा तो लगी रहती है लेकिन कभी दुखी और हताश नहीं होना चाहिए और मुझे खुशी है कि मनु ये बात बहुत अच्छी तरह से समझती है।'
क्या मनु भाकर को फिल्मों का शौक है?
तो इस पर सुमेधा भाकर ने कहा कि 'फिल्में कम देखती है, देशभक्ति या किसी की जीवनी पर आधारित फिल्म हो तो जरूर देख लेती है वरना कुछ ज्यादा शौक नहीं है। मैंने अपने बच्चों को टीवी वगैरह से थोड़ा दूर रखा हुआ है। मनु को पढ़ने का काफी शौक है, वो सोने से पहले कुछ ना कुछ जरूर पढ़ती है। वो अक्सर महान लोगों की जीवनी प़ढ़ती है और फिर आकर मुझसे उनके बारे में बातें करती है। वो अभी लाइफ में फैशन डिजाइनिंग, इंटीरियर डिजाइनिंग का कोर्स करना चाहती है, वो जब यहां आएगी ना मैं तो उसे ये भी करवाऊंगी।'
एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतकर रचा इतिहास
आपको बता दें कि मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक 2024 में 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट सिंगल्स वूमन और 10 मीटर मिक्स्ड टीम इवेंट में सरबजीत सिंह के साथ मिलकर ब्रॉन्ज मेडल जीता है। 22 साल की मनु भाकर ओलंपिक इतिहास में ऐसी पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं, जिन्होंने एक ही ओलंपिक में दो पदक अपने नाम किए हैं।
यहां देखें पूरा इंटरव्यू












Click it and Unblock the Notifications