दिव्या देशमुख या डी गुकेश, प्राइज मनी में किसका रहा दबदबा, दोनों ने कम उम्र में रचा इतिहास
Divya Deshmukh vs D Gukesh Prize Money: भारतीय चेस इतिहास में दिव्या देशमुख ने सोमवार को गदर मचाते हुए वर्ल्ड कप टाइटल जीत लिया। वह भारत की चौथी महिला ग्रैंडमास्टर हैं। खास बात तो यह रही कि दिव्या ने अपने ही देश की हम्पी कोनेरू को पराजित करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।
19 साल की उम्र में दिव्या ने यह कारनामा किया। उनकी तरह डी गुकेश ने 18 साल की उम्र में वर्ल्ड चेस चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम किया था, यह साल 2024 की बात है। गुकेश ने चीन के खिलाड़ी को पराजित किया था। डिंग लिरेन को गुकेश ने पराजित किया था।

हालांकि चेस वर्ल्ड कप और वर्ल्ड चैम्पियनशिप में फर्क होता है, यहां दोनों की प्राइज मनी देखने पर भी बड़ा अंतर दिखाई देता है। गुकेश उस समय इतिहास के सबसे युवा चैम्पियन बन गए थे। इससे पहले वह वर्ल्ड कप में भी हाथ आजमा चुके थे लेकिन वहां सफलता नहीं मिली। प्राइज मनी के हिसाब से देखा जाए, तो दिव्या देशमुख को कम ही रकम मिली है।
गुकेश के ऊपर पैसों की बारिश
गुकेश के मामले में प्राइज मनी अलग तरीके से बांटी गई थी। उस दौरान कुल प्राइज मनी 20 से लेकर 21 करोड़ थी और हर क्लासिकल गेम जीतने पर डेढ़ करोड़ से ऊपर रकम मिलती थी। गुकेश ने तीन गेम जीते, इसलिए उनको 5 करोड़ से ज्यादा राशि मिली। इसके बाद बाकी रकम को दोनों प्लेयर में बराबर बांटा गया। इस तरह गुकेश को 11 करोड़ से ऊपर राशि मिली। डॉलर के एक्सचेंज रेट के कारण यह रकम थोड़ी ऊपर-नीचे भी हो सकती है।
दिव्या देशमुख को नहीं मिली बड़ी रकम
दिव्या चेस वर्ल्ड कप में खेली थीं और वहां सभी प्लेयर्स के लिए कुल इनामी राशि 5 करोड़ 75 लाख रुपये थी। टाइटल जीतने के कारण दिव्या को करीबन 42 लाख रुपये की धन राशि मिली। उनके सामने खेलने वाली हम्पी कोनेरू को करीबन 30 लाख की रकम मिली। गुकेश के साथ जोड़कर देखा जाए, तो दिव्या को इनामी राशि 'ऊंट के मुंह में जीरा' समान मिली है।
दिव्या और गुकेश की नेटवर्थ में अंतर
गुकेश और दिव्या की नेटवर्थ पर नज़र डाली जाए, तो दोनों में वहां भी अंतर है। गुकेश वहां भारी पड़ते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार गुकेश की अनुमानित नेटवर्थ 19 से लेकर 21 करोड़ रुपये है। वहीं दिव्या देशमुख की अनुमानित नेटवर्थ 7 से लेकर 8 करोड़ रुपये बताई जाती है।












Click it and Unblock the Notifications