खेलो इंडिया यूथ गेम्स में जोश भरने बेगूसराय पहुंचे CM नीतीश कुमार, खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को बेगूसराय जिला के तेघड़ा प्रखंड स्थित यमुना भगत स्टेडियम में 'खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025' के खेल परिसर का मुआयना कर खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस क्रम में सीएम ने पश्चिम बंगाल, दिल्ली, चंडीगढ़, मिजोरम, मेघालय, उड़ीसा, झारखंड एवं बिहार के भाग ले रहे खिलाड़ियों से बातचीत की और उनका उत्साहवर्द्धन किया।
मुख्यमंत्री ने यमुना भगत स्टेडियम में आंध्र प्रदेश और हरियाणा की महिला खिलाड़ियों के बीच हुए फुटबॉल मैच का अवलोकन किया। उन्होंने स्टेडियम परिसर का भ्रमण कर विभिन्न राज्यों से आए हुए खिलाड़ियों एवं दर्शकों का अभिनंदन किया।

खिलाड़ियों एवं दर्शकों ने ताली बजाकर सीएम नीतीश का अभिवादन किया। कार्यक्रम में खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता और बेगूसराय के जिलाधिकारी तुषार सिंगला ने मुख्यमंत्री को बकेट, स्मृति चिन्ह एवं 'खेलो इंडिया' किट भेंटकर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, राजस्व एवं भूमि सुधार सह बेगूसराय जिला के प्रभारी मंत्री संजय सरावगी, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, विधायक राज कुमार सिंह, पूर्व मंत्री श्रीमती मंजू वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सामान्य प्रशासन सह खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ० बी० राजेन्दर, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, बेगूसराय प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक आशीष भारती, बेगूसराय के जिलाधिकारी तुषार सिंगला, पुलिस अधीक्षक मनीष सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं वरीय अधिकारी उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications