भारत माता की जय बोलने वाले भारतीय फाइटर के मैच की घोषणा, कब होगा मुकाबला? नोट कर लें डेट
जिस पल का इंतजार भारतीय MMA फैंस कर रहे थे, वह ONE Championship ने पूरा कर दिया है। भारत के होनहार मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स फाइटर नाज़ारेथ लालथाज़ुआला की अगली फाइट की घोषणा हो गई है और वह जल्द ही रिंग के अंदर एक बार फिर से अपनी घातक ताकत का नमूना पेश करते हुए नजर आएंगे।
Dojang MMA के 23 साल के फाइटर की भिड़ंत शनिवार, 5 सितंबर को आयोजित होने वाले इवेंट ONE Fight Night 47 में अमेरिका के बेहतरीन फाइटर गिल्बर्ट नाकाटानी से स्ट्रॉवेट MMA मुकाबले में होगी। 5 जून को 1,00,000 यूएस डॉलर का ONE कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने के बाद वह पहली बार मेन रोस्टर में कदम रखने जा रहे हैं।

ONE Championship में किए यादगार प्रदर्शन ने दिलाई शोहरत
जब "द नॉर्थस्टार" के नाम से मशहूर नाज़ारेथ ने ONE में कदम रखा तो उन्हें काफी कम लोग जानते थे। मगर नवंबर 2025 के दौरान डेब्यू मैच में किए गए प्रदर्शन ने उन्हें चर्चित कर दिया। ऐसा इसलिए हुआ था क्योंकि उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी को तीन राउंड यानी 15 मिनट की फाइट में ढेर करने में सिर्फ 17 सेकंड का समय लगाकर अपना डंका बजवाया था।
काफी लोगों को लगा होगा कि यह जीत तुक्का भर है। मगर अगले दो प्रदर्शनों से साबित कर दिया है वह कुछ बड़ा करने के इरादे से हर बार रिंग में कदम रखते हैं। उन्होंने दूसरे मैच में विरोधी को दूसरे राउंड में ढेर किया। और पिछली फाइट में आए नॉकआउट ने उन्हें 1,00,000 यूएस डॉलर का कॉन्ट्रैक्ट दिलाकर संगठन में पक्की जगह दिलवाई। खास बात ये है कि वह मैच जीतने के बाद रिंग में 'भारत माता की जय!' के नारे जरूर लगाते हैं।
कूड़े की गाड़ी चलाई, सब्जी बेची
कहते हैं कि जहां चाह होती है, वहां राह निकल ही आती है। एक बड़े-पूरे परिवार में जन्मे नाज़ारेथ को उनकी बड़ी बहन ने किकबॉक्सिंग मार्शल आर्ट में आने की प्रेरणा दी, जो कि खुद नेशनल लेवल की एथलीट रहीं। इस दौरान मिज़ोरम के इस फाइटर ने पैसे कमाने के लिए कूड़ा उठाने वाली गाड़ी चलाई, खान में काम किया, सब्जी बेची और होटल में साफ-सफाई का काम भी किया।
अब उनकी कड़ी परीक्षा रंग ला चुकी हैं। नाज़ारेथ करियर में 8-0 का बेदाग रिकॉर्ड बना चुके हैं और अब 5 सितंबर को मेन रोस्टर में डेब्यू करते हुए खिताबी मैच की तरफ धीरे-धीरे बढ़ने का प्रयास करेंगे।


Click it and Unblock the Notifications
