बैडमिंटन में भारत को मिला नया सितारा, 20 साल की उम्र में यूएस ओपन जीतकर रचा इतिहास
Ayush Shetty: बैडमिंटन में भारत के दबदबा पहले भी देखने को मिला था और अब एक नया सितारा मिल गया है, जिसने तबाही मचाने वाला गेम दिखाया है। आयुष शेट्टी ने रविवार को कनाडा के ब्रायन यांग को सीधे गेमों में हराकर यूएस ओपन सुपर 300 के पुरुष एकल फाइनल में अपना पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब जीत लिया।
20 वर्षीय भारतीय शटलर ने 47 मिनट में 21-18, 21-13 से जीत दर्ज की और इस सीज़न में बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर पर भारत का खिताबी सूखा समाप्त किया। शेट्टी ने 2023 जूनियर विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। उन्होंने सेमीफाइनल में टॉप सीड चो तिएन चेन को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। उन्होंने इस साल इससे पहले मलेशिया ओपन और ताइपे ओपन में भी ब्रायन यांग को दो बार हराया था।

मुकाबले की शुरुआत में कड़ी टक्कर देखने को मिली थी, दोनों प्लेयर्स 6-6 की बराबरी पर आगे बढ़ रहे थे। यहां से आयुष शेट्टी ने धांसू अंदाज में खेलते हुए कुछ शॉट मारकर विपक्षी प्लेयर के ऊपर दबाव बनाया और ब्रेक तक स्कोर 11-6 आ गया। इसके बाद यांग ने भी जोरदार वापसी करते हुए स्कोर 16-16 कर दिया। हालांकि वह शेट्टी को पछाड़ने में नाकाम रहे और भारतीय शटलर ने यह रोमांचक सेट 21-18 से अपने नाम कर लिया।
दूसरे सेट में शेट्टी ने बनाए रखी लीड
दूसरे सेट में भी शेट्टी ने बढ़त बना ली थी। वह 7-2 की लीड लेकर आगे बढ़ रहे थे। यांग ने तेजी से इस गैप को भरने का प्रयास किया लेकिन शेट्टी ने अपनी बढ़त बरकरार रखी। वह स्कोर 17-12 पर लेकर आ गए और यांग के ऊपर दबाव था। इसके बाद उन्होंने 21-13 से सेट जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
महिला वर्ग में हार मिली
उधर महिला वर्ग के सिंगल्स में 16 वर्षीय तान्वी को हार का सामना करना पड़ा। तान्वी शर्मा को यूएस की बेवेन झांग के सामने 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। तान्वी ने इस मुकाबले में दूसरा सेट अपने नाम किया था। पहले और अंतिम सेट में उनको पराजय का सामना करना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications