PKL 2023-24: पटना ने यू मुम्बा को हराया, बंगाल वॉरियर्स ने तेलुगु टाइटंस को दी शिकस्त
PKL 2023-24: पटना पाइरेट्स ने शनिवार को यू मुंबा के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 44-23 से जीत दर्ज की और प्रो कबड्डी लीग सीजन 10 के प्लेऑफ में जगह बनाने के करीब पहुंच गई। जीत के बाद पाइरेट्स तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई। दूसरे मुकाबले में बंगाल वॉरियर्स ने तेलुगु टाइटंस को 55-35 के अंतर से हरा दिया।
चौथे मिनट में मयूर कदम और कृष्ण ने टैकल प्वाइंट लेकर पाइरेट्स को 3-1 से आगे कर दिया। सुधाकर भी डबल-पॉइंट रेड के साथ आए और पाइरेट्स को लीड आगे बढ़ाने में मदद की। पहले हाफ तक पटना ने अपना काम कर दिया था और 19-10 के स्कोर से आगे थी।

कृष्ण ने दूसरे हाफ के शुरुआती मिनटों में कुछ टैकल अंक जुटाए और पाइरेट्स ने 21-13 से मैच पर अपना दबदबा बनाए रखा। सचिन ने 28वें मिनट में एक शानदार रेड लगाई और मैट पर मुंबई की टीम के केवल तीन सदस्य ही बचाए। 35वें मिनट में पाइरेट्स ने एक और ऑलआउट किया और अपनी बढ़त 33-19 से आगे बढ़ा दी। पटना ने अंत तक यह प्रेशर बनाकर रखा और मुकाबला जीत लिया।
खचाखच भरे स्टेडियम में बंगाल वॉरियर्स ने अपने फैन्स को निराश नहीं करते हुए जोरदार शुरुआत की। तेलुगु टाइटंस को ऑल आउट कर 11-3 के साथ बंगाल ने बढ़त हासिल की। पहले हाफ से पहले एक बार फिर से टाइटंस को ऑल आउट कर बंगाल ने 12 अंकों की लीड हासिल की।
दूसरा हाफ भी टाइटंस के लिए खराब रहा और एक बार फिर से टीम ऑल आउट हो गई। मामला यहीं नहीं रुका और टाइटंस चौथी बार ऑल आउट हो गई। इससे बंगाल वॉरियर्स की लीड 49-21 हो गई। यहाँ से टाइटंस के लिए वापसी करना आसान नहीं था और बंगाल ने मैच जीत लिया।












Click it and Unblock the Notifications