PKL 2022 : बेंगलुरू ने दर्ज की 9वीं जीत, यूपी योद्धा को 31-26 से हराया
बेंगलुरु। पवन सेहरावत और परदीप नरवाल प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) इतिहास के सबसे सफल रेडरों में से एक हैं। लीग के आठवें सीजन में राइवलरी वीक के तहत मंगलवार को पवन के बेंगलुरू बुल्स का सामना जब परदीप के यूपी योद्धा से हुआ तो न परदीप चले और ना ही पवन। मैच के हीरो दोनों टीमों के डिफेंडर रहे और बुल्स ने यह मैच 31-26 से अपने नाम किया। बुल्स की 17 मैचों में यह नौवीं जीत है जबकि यूपी को लगातार तीसरी हार मिली है। बुल्स के लिए पवन ने नौ अंक लिए जबकि उनके डिफेंडरों ने 15 अंक अपने नाम किए, जिसमें अमन के सात अंक शामिल हैं। यूपी के लिए परदीप सिर्फ चार अंक ले सके लेकिन डिफेंस में नितेश ने 6, सुमित ने चार और आशू ने तीन अंक लिए।

पांच मिनट तक स्कोर 4-4 था लेकिन परदीप नरवाल को दूसरी बार आउट कर बुल्स ने 5-4 की लीड ले ली। हालांकि सातवें मिनट में नितेश ने सुरेंदर गिल को आउट कर स्कोर फिर बराबर कर दिया। फिर श्रीकांत जाधव को टैकल बुल्स ने 7-5 की लीड ले ली। नौ मिनट बाद स्कोर 7-7 था लेकिन बुल्स ने अपने चौथे टैकल प्वाइंट के दम पर 9-7 की लीड ले ली। बुल्स के डिफेंस ने अपने टैकल प्वाइंट की संख्या 6 करते हुए 10-7 की लीड ले ली लेकिन यूपी के डिफेंस ने अपना 29वां सुपर टैकल कर पवन को बाहर भेजा। पवन ने हालांकि अगली रेड पर यूपी को ऑल आउट कर अपनी टीम को 6 अंक की लीड दिला दी। बीते पांच मिनट में बुल्स को 8 जबकि यूपी को 2 अंक मिले। फिर परदीप ने 16 मिनट बाद अपना पहला टच प्वाइंट हासिल किया। अगली रेड पर भरत ने बुल्स को अंक दिलाया। अगली रेड पर सौरव नांगल ने गिल का शिकार कर स्कोर 17-11 कर दिया। हालांकि अगली रेड पर नितेश ने तीसरी बार पवन का शिकार किया। हाफ टाइम तक बुल्स 19-13 से आगे थे। इस हाफ में पवन पांच और परदीप तीन बार लपके गए।
ब्रेक के बाद पवन ने दो रेड पर दो अंक लिए। बुल्स के डिफेंस ने जाधव को भी बाहर कर दिया। फिर भरत डू ओर डाई रेड पर गए लेकिन सुमित ने उन्हें लपक लिया। फिर यूपी के लिए गिल डू ओर डाई रेड पर गए और लपक लिए गए। स्कोर 24-16 था। नितेश ने हालांकि अगली रेड पर पवन को चौथी बार आउट कर सीजन का अपना दूसरा हाई-5 पूरा किया। अगली यूपी की डू ओर डाई रेड और जाधव एक अंक लेकर लौटे। फिर दीपक नरवाल बुल्स के लिए डू ओर डाई रेड पर गए लेकिन सुमित ने उनका शिकार कर लिया। 10 मिनट बाकी थे और स्कोर अभी भी 24-19 से बुल्स के पक्ष में था। बुल्स ने सुपर टैकल की स्थिति में जाधव को डैश कर लीड सात की कर ली। अमन ने हाई-5 पूरा किया। अगली रेड पर भरत ने एक और अंक लिया। काफी देर बार परदीप ने अंक लिया।
फिर भरत ने लगातार दूसरा रेड अंक लिया और फासला 8 का बनाए रखा। अमन ने जाधव को लपक इसे 9 कर दिया। पांच मिनट बचे थे और स्कोर 29-20 था। नांदल ने परदीप को लपक अंतर 10 का कर दिया। फिर सुमित ने पवन के खिलाफ सुपर टैकल स्कोर 23-30 कर दिया। साहिल ने फिर अमन को आउट कर यूपी की वापसी की उम्मीद जगाई। बुल्स का डिफेंस हालांकि ऐसा नहीं होने देना चाहता था। 31-25 के स्कोर पर भरत डू ओर डाई रेड पर थे लेकिन लपक लिए गए लेकिन तब तक उनकी 6 फरवरी तक चलने वाली राइवलरी वीक का यह मैच जीत चुकी थी।












Click it and Unblock the Notifications