Pro Kabaddi League: पटना पाइरेट्स ने मारी जोरदार दहाड़, गुजरात जायंट्स को बुरी तरह किया पराजित
Pro Kabaddi League: नोएडा लेग के दूसरे दिन का पहला मैच गुजरात जायंट्स और पटना पाइरेट्स के बीच खेला गया। इस मैच में पटना ने धांसू खेल का प्रदर्शन करते हुए गुजरात को कोई मौका नहीं दिया। पाइरेट्स ने यह मैच 40-27 के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया।
पटना के लिए लेफ्ट रेडर अयान ने इस मैच में अपना जलवा दिखाते हुए सुपर 10 मारा। रेडिंग में देवांक ने भी 6 पॉइंट्स हासिल किये। डिफेंस में दीपक को 4 अंक मिले। गुजरात की तरफ से प्रतीक दहिया और गुमान सिंह आज नहीं चल पाए। दोनों को 5-5 अंक मिले। डिफेंस में मोहित ने कुल 4 अंक हासिल किये।

गुजरात ने शुरुआत में अच्छी रफ्तार पकड़ी थी और 5-1 की लीड हासिल कर ली लेकिन यह ज्यादा देर तक नहीं चल पाई। पटना ने वापसी करते हुए स्कोर 6-7 कर दिया। दस मिनट का गेम होने के बाद दोनों टीमों का स्कोर बराबरी पर था। इसके बाद पटना ने अपना आक्रामक रुख दिखाया और पहले हाफ में अच्छी लीड हासिल कर ली। 21-16 के साथ पटना पाइरेट्स ने यह हाफ अपने नाम कर लिया।
वापस आते ही गुजरात ने दो अंक लेकर इरादे दर्शाए लेकिन पटना ने चार अंक लेते हुए स्कोर 24-19 कर दिया। अब गुजरात की मुश्किलें शुरू हुईं। गुजरात की टीम दो बार ऑल आउट हुई और पटना के पास अब 10 अंकों की लीड थी। यहाँ से पटना को हरा पाना आसान नहीं था।
डिफेंस ने अंत में एक शिकार और करते हुए अपनी टीम को 13 अंकों की लीड के साथ धाकड़ जीत दिला दी। सीजन की पांचवीं जीत दर्ज करते हुए पटना पाइरेट्स ने तालिका में एक लम्बी छलांग लगाते हुए तीसरा स्थान हासिल कर लिया। गुजरात को इस सीजन यह सातवीं पराजय मिली है। गुजरात के लिए अब हर हार के साथ मामला खराब होता जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications