Maninder Singh के लिए आसान नहीं था पंजाब से Bengal Warriors तक का सफर, हर चुनौती का डटकर किया मुकाबला
Maninder Singh Kabaddi Player Profile: प्रो कबड्डी लीग (PKL) के 10वें सीजन की शुरुआत 2 दिसंबर 2023 से होने जा रही है। इसके साथ ही अब दर्शकों को अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को देखने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना होगा। इस सीरीज में आज हम बंगाल वॉरियर्स के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में से एक रहे मनिंदर सिंह के बारे में विस्तार से जानेंगे।
बंगाल वॉरियर्स ने अहमदाबाद में शुरू हो रहे प्रो कबड्डी लीग (PKL) के लिए टॉप रेडर मनिंदर सिंह को अपना कप्तान नियुक्त किया है। साल 2017 से सिंह बंगाल वॉरियर्स के साथ हैं, उन्होंने 2019 में अपने पहले प्रो कबड्डी लीग खिताब के लिए टीम की कप्तानी की थी। बंगाल वॉरियर्स ने प्लेयर ऑक्शन में मनिंदर को 2.12 करोड़ रुपए में फिर से अपने साथ जोड़ा था।

सर्वश्रेष्ठ रेडरों में से एक माने जाते हैं मनिंदर
मनिंदर सिंह एक भारतीय पेशेवर कबड्डी खिलाड़ी हैं, जो भारत की राष्ट्रीय कबड्डी टीम के लिए खेलते हैं। वह प्रो कबड्डी लीग में बंगाल वॉरियर्स के कप्तान और प्रमुख रेडर हैं। मनिंदर को लीग के सर्वश्रेष्ठ रेडरों में से एक माना जाता है। उन्होंने 2019 में बंगाल वॉरियर्स को उनकी पहली पीकेएल ट्रॉफी दिलाई।
मनिंदर ने अमृतसर से की ग्रेजुएशन की पढ़ाई
मनिंदर सिंह का जन्म भारत के पंजाब के होशियारपुर जिले में हुआ था। उन्होंने खालसा कॉलेज, अमृतसर से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की और वर्तमान में जालंधर में रहते हैं।
मनिंदर ने आते ही दिलाई जीत
उन्होंने 2014 में प्रो कबड्डी लीग में जयपुर पिंक पैंथर्स के लिए खेलते हुए अपने करियर की शुरुआत की। टीम ने लीग का उद्घाटन सीजन जीता और उन्हें 130 रेड अंकों के साथ सीजन के तीसरे सर्वश्रेष्ठ रेडर के रूप में दर्जा दिया गया था।
हालांकि, उनके जीवन में एक समय ऐसा भी आया, जब वह अपने करियर की शुरुआत के बाद घायल हो गए और 2017 में बंगाल वॉरियर्स द्वारा खरीदे जाने से पहले लीग के अगले तीन सीजन से चूक गए, लेकिन मनिंदर ने हार नहीं मानी और हर चुनौती का डटकर सामना किया। इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी की और सीजन में 190 रेड पॉइंट बनाए।
33 वर्षीय मनिंदर बंगाल वॉरियर्स के लिए सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। इससे पहले सीजन 9 में मनिंदर पीकेएल के इतिहास में दूसरे सबसे शानदार रेडर बन गए थे, जब उन्होंने हरियाणा स्टीलर्स के खिलाफ वॉरियर्स के शुरुआती गेम में 1000 अंकों का आंकड़ा पार किया था। उनके इस प्रदर्शन के कारण ही बंगाल वॉरियर्स ने 10वें सीजन की कमान मनिंदर के हाथों में सौंपी है। फैंस को उम्मीद है कि वह निश्चित रूप से इस साल भी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications