World Cup 2025: कबड्डी में भारतीय शेरनियों का जलवा, चीनी ताइपे को हरा जीत लिया वर्ल्ड कप
Kabaddi World Cup 2025: भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ढाका में कबड्डी वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। भारतीय महिला खिलाड़ियों ने लगातार दूसरी बार खिताब जीतकर देश का नाम रोशन किया है। फाइनल में खेले गए रोमांचक मुकाबले में 'वीमेन इन ब्लू' ने चीनी ताइपे को 35-28 के स्कोर से हराकर वर्ल्ड विजेता का ताज अपने सिर सजाया।
पूरे टूर्नामेंट में नहीं हारी एक भी मैच (Kabaddi World Cup 2025)
इस पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारतीय टीम अजेय रही। उन्होंने दिखा दिया कि वह इस खेल में कितनी मज़बूत हैं। इस विश्व कप में कुल 11 देशों ने हिस्सा लिया था। भारतीय टीम ने लीग स्टेज में ही अपने इरादे साफ कर दिए थे। उन्होंने थाईलैंड (65-20), मेजबान बांग्लादेश (43-18), जर्मनी (63-22), और युगांडा (51-16) जैसी टीमों को बड़े अंतर से हराया। सेमीफ़ाइनल में भी भारत ने ईरान को 33-21 से मात देकर फ़ाइनल में जगह बनाई।

चीनी ताइपे का भी रहा दमदार प्रदर्शन
फ़ाइनल में भारत की प्रतिद्वंद्वी चीनी ताइपे की टीम भी अपने सभी लीग मैच जीतकर यहां तक पहुंची थी। उन्होंने केन्या, नेपाल, ईरान, तंज़ानिया और पोलैंड को हराया और सेमीफ़ाइनल में बांग्लादेश को पराजित किया था। हालांकि, फ़ाइनल में वे भारतीय टीम की ताक़त के आगे टिक नहीं पाईं और उपविजेता बनकर लौटीं। भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में उनकी सराहना की जा रही है।
खिलाड़ियों की हो रही है जमकर प्रशंसा
हरियाणा स्टीलर्स के मुख्य कोच मनप्रीत सिंह ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि महिला टीम ने एक ऐसा प्रदर्शन दिया है जिस पर पूरे देश को गर्व हो सकता है। उनका विश्वास और टीमवर्क शानदार था। एक पूर्व भारतीय खिलाड़ी के तौर पर मैं जानता हूं कि इस स्तर तक पहुंचना कितना मुश्किल होता है। खिलाड़ियों और स्टाफ़ को बहुत-बहुत बधाई।
पुनेरी पलटन के मुख्य कोच अजय ठाकुर ने भी इस जीत को एक बहुत ही गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि ढाका में विश्व कप की ट्रॉफी को बरकरार रखना बताता है कि पिछले कुछ वर्षों में महिला कबड्डी ने कितनी प्रगति की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में यह गति बनी रहेगी और टीम और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेगी।












Click it and Unblock the Notifications