Hockey World Cup में खराब प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम के कोच ग्राहम रीड ने दिया इस्तीफ़ा
इस वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का प्रदर्शन खराब रहा था, टीम इंडिया ने अपना अभियान नौवें स्थान पर समाप्त किया था।

Hockey World Cup 2023, Graham Reid: हॉकी वर्ल्ड कप में घरेलू मैदानों पर भारतीय टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। भारतीय टीम नॉक आउट दौर से पहले ही बाहर हो गई थी। इसके बाद भारतीय टीम के हेड कोच ने अपना इस्तीफ़ा दिया है। भारतीय टीम के कोच ग्राहम रीड ने पद छोड़ दिया है। वर्ल्ड कप का समापन रविवार को ही हुआ था। इस वर्ल्ड कप में जर्मनी की टीम चैम्पियन बनी है। भारतीय टीम का अभियान नौवें स्थान के साथ समाप्त हो गया था।
ग्राहम के अलावा भी कुछ इस्तीफे हुए हैं। एनालिटिकल कोच ग्रेग क्लार्क और साइंटिफिक अडवाइजर मिचेल डेविड ने भी अपने पद छोड़ दिए हैं। ग्राहम रीड ने हॉकी इंडिया के हेड दिलीप टिर्की को अपना इस्तीफ़ा दिया है। साल 2019 में ग्राहम ने भारतीय हॉकी टीम के मुख्य कोच के रूप में अपना पद संभाला था। इसके बाद टीम इंडिया को टोक्यो ओलंपिक्स में सफलता मिली थी। टीम इंडिया ने वहां कांस्य पदक जीतकर धमाका किया था।
हॉकी वर्ल्ड कप में भारतीय टीम को सीधे क्वार्टर फाइनल में खेलने का मौका नहीं मिला था। इसके बाद क्रॉसओवर मैच में टीम इंडिया न्यूजीलैंड के खिलाफ शूटआउट में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। नौवें स्थान के लिए टीम इंडिया ने क्लासिफिकेशन मैच में जापान की टीम को पराजित किया था। हालांकि इस जीत के कोई खास मायने नहीं थे।
भारत के ओडिशा में हुए वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में जर्मनी और बेल्जियम के बीच मुकाबला हुआ। कलिंगा स्टेडियम में रविवार को खेले गए मैच में दोनों हाफ समाप्त होने तक जर्मनी और बेल्जियम के बीच मुकाबला 3-3 की बराबरी पर समाप्त हो गया। इसके बाद मुकाबला शूटआउट में गया और वहां जर्मनी ने 5-4 से जीत दर्ज करते हुए तीसरी बार खिताबी जीत हासिल कर ली।












Click it and Unblock the Notifications