मोहन बागान और ईस्ट बंगाल के बीच डर्बी मैच रद्द, कोलकाता में विरोध-प्रदर्शन के कारण लिया फैसला
रविवार को होने वाला मोहन बागान और ईस्ट बंगाल के बीच बहुप्रतीक्षित डूरंड डर्बी मैच रद्द कर दिया गया है। शुक्रवार से ही इस मैच के भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। शनिवार को आधिकारिक तौर पर घोषणा की गई कि यह बड़ा मैच रविवार को नहीं होगा।
विरोध-प्रदर्शन के कारण लिया फैसला
कोलकाता की एक डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और मर्डर केस के बाद लोग भारी संख्या में विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। शहर में अशांति फैली हुई है। इसे देखते हुए डर्बी को रद्द करने का फैसला लिया गया है। हालांकि फैंस इस मैच को देखना चाहते थे लेकिन यह अब संभव नहीं हो पाएगा।

मैच को लेकर उत्साहित थे फैंस
शुक्रवार को बड़ी संख्या में फैंस डर्बी के लिए टिकट पाने की उम्मीद में एकत्र हुए थे। ऑफ़लाइन टिकट वितरण के दौरान दोनों क्लबों के टेंट के सामने लंबी, घुमावदार कतारें देखी गईं। समर्थकों में उत्साह साफ़ देखा जा सकता था, कई लोगों ने दिन के अंत तक टिकट न मिलने पर निराशा व्यक्त की।
कोलकाता में डर्बी महत्वपूर्ण इवेंट में से एक
मैच रद्द होने की खबर से कई फैंस को झटका जरूर लगा होगा, जो इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। कोलकाता फुटबॉल में यह डर्बी एक महत्वपूर्ण इवेंट है, जिसमें भारी भीड़ उमड़ती है और दोनों टीमों के बीच कड़ी प्रतिद्वंद्विता होती है। मैच रद्द होने के बावजूद समर्थकों में उत्साह बरकरार है।












Click it and Unblock the Notifications