ISL 2022: केरला ब्लास्टर्स का जीत का सिलसिला टूटा, बेंगलुरु के रोशन बने मैच के हीरो
गोवा, 30 जनवरी: केरला ब्लास्टर्स का 10 मैचों से अपराजित रहने का सिलसिला आखिरकार रविवार को टूट गया और इसे तोड़ा बेंगलुरू एफसी के लेफ्ट बैक रोशन नाओरम की बेहतरीन लेफ्ट फुटर किक ने। उनके एकमात्र गोल की मदद से बेंगलुरू ने हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2021-22 में केरला ब्लास्टर्स को 1-0 से हरा दिया। वास्को डे गामा स्थित तिलक मैदान स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में बेहतरीन डिफेंडिंग और एकमात्र गोल करने के लिए रोशन हीरो ऑफ द मैच अवार्ड से नवाजा गया।

अपनी पांचवीं जीत से कोच मार्को पेज़ैउओली की टीम ने तीन स्थानों की छलांग लगाकर शीर्ष चार में जगह बना ली है। बेंगलुरू 14 मैचों में केरला ब्लास्टर्स के बराबर 20 अंक जुटाकर तालिका में सातवें से चौथे स्थान पर पहुंच गई है। उसने पांच मैच जीते हैं और पांच ड्रा खेले हैं। वहीं, केरला ब्लास्टर्स इस हार के बावजूद गोल औसत के आधार पर तीसरे स्थान पर बनी हुई है। केरला 12 मैचों में पांच जीत और पांच ड्रा से 20 अंक जुटा चुकी है। दूसरी हार से सर्बियाई कोच इवान वुकोमैनोविक के ब्लास्टर्स का अपराजय रहने का सुनहरा सफर टूट गया। वहीं, बेंगलुरू के अपराजित रहने का सिलसिला आठ मैचों तक पहुंच गया है।
मैच का एकमात्र गोल दूसरे हाफ में आया। जब 56वें मिनट में मिली एक फ्री-किक को डिफेंडर रोशन नाओरम ने बेहतरीन लेफ्ट फुटर शॉट लगाकर गोल में तब्दील कर दिया और बेंगलुरू एफसी 1-0 से आगे हो गई। बेंगलुरू को यह अवसर उस समय मिला जब बॉक्स के ठीक बाहर केरला के मिडफील्डर ललथथांगा खलहरिंग पुइतिआ ने मिडफील्डर दानिश फुरूख के खिलाफ फाउल कर दिया। इस अवसर पर लेफ्ट बैक रोशन के लेफ्टर ने केरला की डिफसिंव वॉल और गोलकीपर प्रभसुखन गिल को छका दिया।
मैच का पहला हाफ गोलरहित रहा, क्योंकि दोनों टीमों की तरफ से कोई भी गोल करने में सफल नहीं हुआ। दोनों तरफ की डिफेंस ने अपने आक्रमणकारियों को ज्यादा अवसर नहीं दिए। हालांकि दोनों तरफ से हमले जरूर किए गए। इस दौरान बेंगलुरू एफसी बेहतर रही, क्योंकि उसने गेंद पर बेहतर तरीके से नियंत्रण रखा और मैदान के अटैकिंग थर्ड में कई मौके बनाए। लेकिन वो गोल नहीं कर सकी और मध्यांतर तक स्कोर 0-0 था।
इस तरह हीरो आईएसएल सीजन 21-22 में ब्लास्टर्स के खिलाफ बेंगलुरू बाजी मारने में सफल रही। क्योंकि पिछली बार पहले चरण में जब ये दोनों आपस में भिड़ी थीं, तो वो मैच 1-1 से ड्रा रहा था।












Click it and Unblock the Notifications