ISL 2022 : वर्चस्व की जंग में हैदराबाद का इम्तिहान लेंगे केरला ब्लास्टर्स
गोवा : लीग लीडर हैदराबाद एफसी का इरादा अपने शीर्ष स्थान को मजबूती देने का होगा जबकि केरला ब्लास्टर्स एफसी की कोशिश जीत की राह पर लौटकर शीर्ष चार टीमों के बीच बने रहने की होगी। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2021-22 की अंक तालिका के शीर्ष चार में मौजूद ये दोनों टीमें अपने-अपने लक्ष्य को पूरा करने के लिए बुधवार को बैम्बोलिन स्थित जीएमसी एथलेटिक स्टेडियम में उतरेंगी।

लीग लीडर हैदराबाद सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर चुकी है। वो 17 मैचों से 32 अंक लेकर तालिका में शीर्ष स्थान पर मौजूद है। लेकिन वो जीत हासिल करके जमशेदपुर एफसी पर अपनी बढ़त को बढ़ाने कोशिश करेगी। जमशेदपुर 16 मैचों से 31 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। जमशेदपुर और तीसरे स्थान पर मौजूद एटीके मोहन बगान के पास एक मैच अतिरिक्त है और यदि शीर्ष चार की आंकाक्षाएं रखने वाले केरला के खिलाफ हैदराबाद अंक गंवाती है, तो उपरोक्त दोनों टीमें उसे शीर्ष स्थान से उतार सकती हैं।
यह भी पढ़ें- ऋद्धिमान साहा के पक्ष में आया भारतीय क्रिकेटर संघ, कहा- जो हुआ वो सही नहीं है
केरला 16 मैचों से 27 अंक लेकर तालिका में चौथे स्थान पर है और बुधवार को मिलने वाली जीत उसे मजबूत स्थिति में बनाए रखेगी। क्योंकि उसके ऊपर बेंगलुरू एफसी (26 अंक) और मुंबई सिटी एफसी (25) का दबाव बना हुआ है जो क्रमश: पांचवें और छठे स्थान पर मौजूद है। हैदराबाद के कोच मनोलो मार्केज़ ने कहा, "हम खुश हैं लेकिन हमें बहुत कुछ सुधार करना है। हैदराबाद एफसी के लिए सीजन शानदार रहा है। इसी तरह केरला का सीजन बहुत अच्छा रहा है और उनके आक्रामक खिलाड़ी शानदार हैं।"
केरला के कोच इवान वुकोमैनोविक ने कहा, "यह सिर्फ एक और मैच है, वे भारत में सर्वश्रेष्ठ टीम हैं और तालिका में शीर्ष पर रहने के हकदार हैं। हमें एकाग्र रहना होगा और अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करनी होगी। मुझे एक कठिन मैच की उम्मीद है। हम कल कुछ अलग टेस्ट करने की कोशिश करेंगे, क्योंकि हर मैच अलग है। कोई बात नहीं, हमारे पास पर्याप्त शानदार खिलाड़ी हैं।"
बार्थोलोम्यू ओग्बेचे का भारत में सीजन बहुत अच्छा रहा है, क्योंकि उन्होंने हैदराबाद की सफलता में बहुत योगदान किया है। नाईजीरियाई स्ट्राइकर गोवा के खिलाफ पिछले मैच में हीरो आईएसएल में 50 गोल के मील के पत्थर को छूना वाले दूसरे फुटबॉलर बन चुके हैं और सुनील छेत्री को पीछे छोड़कर हीरो आईएसएल में सबसे अधिक स्कोर करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। वह इस सीजन में अपने खेले 16 मैचों में 16 गोल दाग चुके हैं। पिछली बार सीजन के पहले चरण में जब ये दोनों टीमें भिड़ीं थीं, तो केरला ने 1-0 से जीत हासिल की थी।












Click it and Unblock the Notifications