ISL 2022-23: ईस्ट बंगाल एफसी करेगी चेन्नइयन की बराबरी पर आने की कोशिश, नॉर्थईस्ट यूनाइटेड से है मैच

कोलकाता, 7 फरवरी: ईस्ट बंगाल एफसी अभी भी हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 के प्लेऑफ स्थान (गणितीय रूप से) की होड़ में बनी हुई है और अंक तालिका पर चेन्नइयन एफसी की बराबरी पर आने की कोशिश में होगी, जब टॉर्च बियरर्स बुधवार को अपने घरेलू मैदान विवेकानंद युबा भारती क्रीड़ांगन स्टेडियम में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी की मेजबानी करेंगे। इस रविवार को मरीना मचान्स का सामना करने से पहले टॉर्च बियरर्स को पूरे तीन अंक उनके बराबर अंक पहुंचा सकते हैं। वहीं, हाईलैंडर्स अभी भी इस सीजन में घर से दूर अपने पहले अंक खोज में हैं।
ईस्ट बंगाल एफसी सैद्धांतिक रूप से अभी भी दौड़ में है, ऐसे में मुख्य कोच स्टीफन कॉन्सटेंटाइन ने हाल के सप्ताहों में संकेत दिया है कि बाकी सीजन एक बड़ी परियोजना का हिस्सा होगा, जिससे कि अगले सत्र से पहले बड़े पैमाने पर सुधार किया जा सके।
पिछले शुक्रवार को इसी कड़ी में उन्होंने एक बड़ा बढ़ाया, जब टॉर्च बियरर्स ने केरला ब्लास्टर्स को 1-0 से हराकर सीजन की अपनी पांचवीं जीत हासिल की। क्लब के मुख्य स्ट्राइकर क्लिटन सिल्वा ने सत्र का अपना दसवां गोल किया और गोल्डन बूट के लिए तीखी होड़ में खुद को बनाए रखा है।
कॉन्सटेंटाइन अपने मिडफील्डर मोबाशीर रहमान के बिना टीम उतारेंगे, क्योंकि इस खिलाड़ी को पिछले मैच के अंतिम क्षणों में दूसरा येलो कार्ड दिखाकर बाहर भेजा गया। लेकिन कोच अग्रिम पंक्ति में सिल्वा के साथ नए खिलाड़ी जेक जर्विस की मौजूदगी से खुश होंगे।
टॉर्च बियरर्स के मुख्य कोच स्टीफन कॉन्सटेंटाइन ने कहा, "मैं मैदान पर टीमों का प्रदर्शन देखकर राय बनाता हूं। उन्होंने हाल के हफ्तों में सुधार किया है और कुछ नए खिलाड़ियों को लाया है।" उन्होंने कहा, "मैं किसी टीम को इस बात से नहीं आंकता हूं कि वे तालिका में कहां हैं। आईएसएल के सभी मैच कठिन हैं। हमें पूरी तरह से फोकस करना होगा और पिछले हफ्ते के फॉर्मूले को लागू करना होगा। अगर हम ऐसा करते हैं तो हमें तीन अंक मिलेंगे।"
नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी तालिका में सबसे नीचे है और अपने ऊपर की टीम जमशेदपुर एफसी से आठ अंक पीछे है। ईस्ट बंगाल एफसी के खिलाफ हार उनके स्थान पर ताबूत में आखिरी कील ठोंक देगी, क्योंकि इससे उनका ग्यारहवें स्थान पर रहकर सीजन खत्म करना पक्का हो जाएगा।
पिछले सप्ताह के अंत में, हाईलैंडर्स हीरो आईएसएल में लगातार तीसरे मुकाबले में गोल करने में विफल रहे। इसके अलावा, हेड कोच विन्सेन्जो ऐनीज के हाईलैंडर्स ने उन तीन मैचों में आठ गोल खाए हैं। नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने सभी चार अंक अपने घर पर अर्जित किए हैं।
कप्तान विल्मर जॉर्डन अपने निलंबन के कारण इस मुकाबले के लिए अनुपलब्ध रहेंगे। ऐनीज अग्रिम पंक्ति में पार्थिब गोगोई और कुले म्बोंबो की जोड़ी को आगे बढ़ा सकते हैं या फिर इस मुकाबले के लिए रोचरजेला को उतार सकते हैं।
ऐनीज ने कहा, "हमारे पास इस मैच की तैयारी के लिए दो दिन थे। पिछले मुकाबले में, हम दूसरे हाफ में बेहतर थे और ड्रा की तलाश में थे। यह देखना दर्दनाक था कि हम स्कोर नहीं कर रहे हैं।" उन्होंने कहा, "अब हमारा सामना ईस्ट बंगाल की टीम से है जो पिछले मैच में केरला ब्लास्टर्स के खिलाफ शानदार रही थी। वे घर पर खेल रहे हैं और उन्हें एक दिन का अतिरिक्त आराम मिला है जिससे वे अच्छी फॉर्म में होंगे। आईएसएल में हर अन्य मैचों की तरह यह भी मुश्किल होगा।"
Recommended Video

इस सीजन के पहले चरण में, ईस्ट बंगाल एफसी ने पांच प्रयासों में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी पर अपनी पहली हीरो आईएसएल जीत हासिल की। हाईलैंडर्स तीन मौकों पर विजयी रहे हैं। दोनों के बीच एक मुकाबला ड्रा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications