Mission Kayakalp: अब बदलेंगे दिल्ली के सरकारी स्कूल! लैब से लेकर RO पानी तक, रेखा गुप्ता ने शुरू किया मिशन
Delhi Mission Kayakalp: दिल्ली सरकार ने सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदलने के लिए 'मिशन कायाकल्प' (Mission Kayakalp) की शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि अब सरकारी स्कूल सिर्फ पढ़ाई की जगह नहीं रहेंगे, बल्कि ऐसे आधुनिक कैंपस बनेंगे जहां बच्चों को सुरक्षित, साफ और बेहतर माहौल मिलेगा।
इस अभियान के तहत स्कूलों की जर्जर इमारतों की मरम्मत से लेकर विज्ञान प्रयोगशालाओं के आधुनिकीकरण, पीने के साफ पानी और हरियाली बढ़ाने तक कई बड़े काम एक साथ किए जा रहे हैं।

क्या है मिशन कायाकल्प?
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस पहल का मकसद दिल्ली के सरकारी स्कूलों को नई पहचान देना है। सरकार चाहती है कि बच्चों को ऐसा स्कूल मिले जहां अच्छी पढ़ाई के साथ बेहतर सुविधाएं भी हों। यही वजह है कि इस अभियान में सिर्फ भवनों की मरम्मत नहीं, बल्कि पूरे स्कूल परिसर को आधुनिक बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस मिशन को जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) पहल, सामाजिक संगठनों, मार्केट एसोसिएशन और स्थानीय लोगों के सहयोग से आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार का मानना है कि लोगों की भागीदारी से स्कूलों का कायाकल्प तेजी से पूरा होगा।
किन सुविधाओं पर हो रहा है काम?
मिशन कायाकल्प के तहत स्कूलों में कई स्तरों पर सुधार किया जा रहा है। भवनों की मरम्मत, दीवारों की पुताई, छतों की वॉटरप्रूफिंग, ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाना, शौचालयों का नवीनीकरण और साफ पेयजल के लिए आरओ प्लांट व वाटर कूलर लगाए जा रहे हैं।
इसके साथ ही विज्ञान प्रयोगशालाओं को आधुनिक उपकरणों से लैस किया जा रहा है। दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की जा रही हैं और स्कूल परिसरों में बड़े पैमाने पर पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाई जा रही है।
किन जिलों में दिखने लगा बदलाव?
दिल्ली सरकार के मुताबिक उत्तर, दक्षिण, पश्चिम, उत्तर-पूर्व और आउटर नॉर्थ जिलों के कई सरकारी स्कूलों में काम पूरा हो चुका है या तेजी से चल रहा है। उत्तर जिले के कुछ स्कूलों में विशेष जरूरत वाले बच्चों के लिए सेंसरी पार्क को नया रूप दिया गया है। वहीं आरओ प्लांट, वाटर कूलर और आधुनिक फिजिक्स लैब भी तैयार की गई हैं।
मेहरौली और कुतुब मेहरौली के स्कूलों में शौचालयों और छतों की मरम्मत, खराब प्लास्टर की रिपेयर, भवनों की नई पेंटिंग, वाटर कूलर लगाने और पौधारोपण का काम किया गया है।
पश्चिमी दिल्ली के मोहन गार्डन और जनकपुरी के स्कूलों में रूफ रिपेयर, वॉटरप्रूफिंग, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, सीवर लाइन सुधार, बिजली व्यवस्था और पीने के पानी की सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। वहीं गोकलपुर और शाहदरा के सरकारी स्कूलों में नए शौचालय, भवनों की मरम्मत, रंगाई-पुताई, वाटर कूलर, हरियाली और लाइब्रेरी सुविधाओं को मजबूत किया गया है।
रेखा गुप्ता ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मिशन कायाकल्प के तहत कई सरकारी स्कूलों में बदलाव साफ दिखाई देने लगा है। जहां पहले जर्जर इमारतें और सीमित सुविधाएं थीं, वहां अब आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हो रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार आगे भी स्कूलों के ढांचे को मजबूत करती रहेगी ताकि छात्रों को बेहतर माहौल में पढ़ाई का मौका मिल सके।














Click it and Unblock the Notifications