ISL 2021-22: जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी हैदराबाद एफसी, नॉर्थईस्ट को हराकर प्लेऑफ की दावेदारी होगी मजबूत

नई दिल्ली। हैदराबाद एफसी फिर से हासिल हुई फॉर्म को जारी रखने और लीग लीडर की अपनी स्थिति को मजबूती देने की कोशिश करेगी, जब निजाम्स का सामना सोमवार को फतौर्डा स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में खेले जाने वाले हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2021-22 के लीग मुकाबले में लड़खड़ाती नॉर्थईस्ट यूनाइटेड से होगा। निजाम्स ने शानदार प्रदर्शन से पिछले तीन मैचों में अपराजित रहकर अपनी लय वापस हासिल कर ली है। उन्होंने एससी ईस्ट बंगाल को रौंदने और ओड़िसा एफसी के खिलाफ पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करके अपना जुझारू चरित्र दिखाया।
पिछली दो लगातार जीतों से हैदराबाद 13 मैचों में 23 अंक लेकर तालिका के शीर्ष पर पहुंच गई है। उसका दूसरे स्थान पर मौजूद जमशेदपुर एफसी के एक अंक ज्यादा है, जिसने एक मैच कम खेला है। उधर, नॉर्थईस्ट यूनाइटेड अंक तालिका में 10वें स्थान पर है और उसके 14 मैचों में 10 अंक हैं। कोच खालिद जमील के हाईलैंडर्स लगातार सात पराजयों के सिलसिले को तोड़ने को बेताब होंगे। हालांकि हैदराबाद के खिलाफ उनका जीतना आसान नहीं होगा, क्योंकि निजाम्स बेहद हमलेवार ईकाई हैं।
और पढ़ें: जानें क्यों युवराज सिंह को 'पाई चकर' बुलाते हैं केविन पीटरसन, खुद किया खुलासा
लीग लीडर्स के पास न केवल बार्थोलोमेव ओग्बेचे जैसा विश्व स्तरीय स्ट्राइकर है बल्कि आशीष राय और आकाश मिश्रा जैसे फुल-बैक टीम के संतुलन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ये दोनों अपनी रक्षात्मक भूमिका बखूबी निभाने के साथ टीम के हमलों को भी पैनापन प्रदान कर रहे हैं। आकाश इस सीजन में तीन असिस्ट प्रदान करने के अलावा एक गोल कर चुके हैं जबकि आशीष ने पांच गोल में मदद की है। ये दोनों टीम की सफलता के पीछे एक प्रमुख कारण रहे हैं।
हैदराबाद के कोच मैनोलो मार्क्यूएज ने मैच की पूर्व संध्या पर कहा, "हमारे पास लीग का शीर्ष स्कोरर ओगबेचे है, लेकिन जिस दिन उन्होंने गोल नहीं किया, तो अन्य खिलाड़ी स्कोर कर देते हैं और यह हमारे आत्मविश्वास के लिए अच्छा है। लगातार दो जीत के बाद मूड अच्छा है।"
और पढ़ें: IPL 2022 के मेगा ऑक्शन में क्यों नहीं उतरे मिचेल स्टार्क, अब खुद किया कारण का खुलासा
स्पेनिश कोच ने नॉर्थईस्ट यूनाइटेड और शीर्ष चार की दौड़ के बारे में कहा, "नॉर्थईस्ट अपने पिछले दो मैचों में चेन्नइयन और मुंबई सिटी के खिलाफ जीतने की हकदार थी। नॉर्थईस्ट अब वैसी ही है जैसी हमने पिछले सीजन में बेहतर विदेशियों और अच्छे भारतीय खिलाड़ियों के साथ देखी थी। निश्चित तौर पर यह हमारे लिए मुश्किल मैच होगा। शीर्ष चार के लिए लड़ाई शायद अंतिम दो राउंड तक चलेगी। शीर्ष आठ टीमों के पास अब भी क्वालीफाई करने का मौका है। इसलिए यह बहुत अप्रत्याशित है।"
नॉर्थईस्ट अपनी डिफेंस लाइन को लेकर बुरी तरह से संघर्ष कर रही है। कोच जमील अब तक स्थिर रक्षात्मक लाइनअप में तैयार करने में सफल नहीं हो सके हैं। हाईलैंडर्स ने हीरो आईएसएल सीजन 21-22 में सबसे ज्यादा 28 गोल खाए हैं। पिछली बार सीजन के पहले चरण में जब ये दोनों टीमें आपस में भिड़ी थीं, तब हैदराबाद ने हाईलैंडर्स को 5-1 से रौंदा था।












Click it and Unblock the Notifications