परिसीमन बिल पर मोदी सरकार को कैसे रोकेगी कांग्रेस? खड़गे ने चला आखिरी दांव! क्या है प्लान और चुनौतियां?
संसद के विशेष सत्र से पहले सियासी हलचल चरम पर पहुंच गई है। परिसीमन और महिला आरक्षण बिल को पास कराने के लिए मोदी सरकार जहां क्षेत्रीय दलों को साधने में जुटी है, वहीं कांग्रेस ने सरकार की योजना को नाकाम करने के लिए पूरा जोर लगा दिया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी खेमे को एकजुट रखने के लिए 'आखिरी दांव' चलते हुए शनिवार सुबह 11:30 बजे राजाजी मार्ग स्थित अपने आवास पर फ्लोर लीडर्स की बैठक बुलाई है । इस बैठक में इंडिया गठबंधन के दलों के साथ-साथ डीएमके (DMK), आम आदमी पार्टी (AAP) और बीजेडी (BJD) के नेताओं को न्योता भेजा गया है, जिन्हें फिलहाल किंगमेकर माना जा रहा है।

खड़गे की बैठक में कौन-कौन होगा शामिल?
खड़गे की यह बैठक शनिवार सुबह 11:30 बजे दिल्ली में उनके 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर होनी है। इसमें इंडिया गठबंधन के संसदीय दलों के नेताओं के अलावा डीएमके, आम आदमी पार्टी और बीजेडी को भी बुलाया गया है। एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के नेताओं को भी न्योता भेजा गया है। कांग्रेस चाहती है कि जो दल अभी बिल पर खुलकर विरोध नहीं कर रहे हैं, उन्हें भी अपने साथ लाया जाए।
इससे पहले 27 नवंबर को सोनिया गांधी के आवास पर कांग्रेस की संसदीय रणनीति समिति की बैठक हुई थी। इसमें मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश और गौरव गोगोई समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक के बाद कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि पार्टी दूसरे विपक्षी दलों के साथ मिलकर इस बिल का विरोध करेगी।
किन दलों पर टिका है दांव और क्या हैं कांग्रेस की चुनौतियां?
मल्लिकार्जुन खड़गे की बैठक में डीएमके, आप, एनसीपी (शरद पवार) और ओडिशा की बीजेडी को बुलाकर कांग्रेस वोटिंग से पहले की दुविधा खत्म करना चाहती है । लेकिन अप्रैल 2026 के मुकाबले सात महीनों में संसद के समीकरण काफी बदल चुके हैं।
- विपक्ष में टूट: अप्रैल में विपक्ष की एकजुटता से बिल गिर गया था, लेकिन अब टीएमसी के 20 बागी सांसदों और शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों के पाला बदलने से विपक्ष कमजोर पड़ा है । साथ ही राज्यसभा में आप के 7 सांसद बीजेपी में शामिल हो चुके हैं।
- बदलते सुर: तमिलनाडु में सत्ता बदलने के बाद डीएमके ने बिल का मसौदा देखकर फैसला करने का 'वेट एंड वॉच' रुख अपनाया है, जबकि सुप्रिया सुले के नरम बयान ने भी चिंता बढ़ाई है। वहीं बीजेडी अक्सर मुद्दों के हिसाब से तटस्थ या सरकार के पक्ष में रहती है, इसलिए उसे जोड़कर विपक्ष अपना दायरा बढ़ाना चाहता है।
कांग्रेस का विरोध सिर्फ सीटें बढ़ाने पर नहीं
कांग्रेस की आपत्ति का केंद्र सिर्फ लोकसभा की सीटें बढ़ाना नहीं है। पार्टी को चिंता है कि परिसीमन के जरिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से तय होंगी। कांग्रेस नेताओं को आशंका है कि इस प्रक्रिया का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए किया जा सकता है। इसे अंग्रेजी में जेरिमैंडरिंग कहा जाता है। यानी निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह तय करना, जिससे किसी खास दल या समूह को चुनावी फायदा मिले।
कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए परिसीमन को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर से भी जोड़ा। उनका आरोप है कि पहले मतदाता सूची में बदलाव के जरिए यह तय करने की कोशिश हुई कि कौन वोट दे सकेगा और अब परिसीमन से यह तय करने की कोशिश होगी कि कौन कहां से वोट देगा।
गौरव गोगोई ने कांग्रेस की तीन मांगें भी रखी हैं। पहली, लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या में बदलाव न हो। दूसरी, महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण इसी मौजूदा संख्या के भीतर दिया जाए। तीसरी, राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात अगले 25 साल तक बना रहे।
विपक्ष के साथ आने में कहां फंस रही है कांग्रेस?
कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी चुनौती अपने पुराने सहयोगियों को एक साथ रखना है। डीएमके और कांग्रेस के रिश्तों में तमिलनाडु की राजनीति के बाद दूरी आई है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस के टीवीके के साथ जाने के बाद डीएमके गठबंधन से अलग हो गई थी। अब डीएमके की दो प्रमुख मांगें तमिलनाडु की लोकसभा सीटों में 7.18 फीसदी हिस्सेदारी बरकरार रखना और राज्यों के बीच मौजूदा अनुपात को 25 साल तक फ्रीज करना सरकार के नए प्रस्ताव में शामिल बताई जा रही हैं। ऐसे में डीएमके के सरकार के प्रस्ताव का समर्थन करने की संभावना जताई जा रही है।
शरद पवार की एनसीपी (एसपी) को लेकर भी कांग्रेस को झटका लगा है। पार्टी के नेता जितेंद्र आव्हाड ने 27 नवंबर को कहा कि उनकी पार्टी समान रूप से 50 फीसदी सीटें बढ़ाने की शर्त पर परिसीमन का समर्थन करेगी। हालांकि सांसद सुप्रिया सुले और पार्टी के लोकसभा व्हिप अमोल कोल्हे ने कहा है कि बिल का मसौदा देखने के बाद ही अंतिम रुख साफ होगा। पार्टी के लोकसभा में आठ सांसद हैं।
बीजेडी अक्सर संसद में मुद्दे के हिसाब से अपना रुख तय करती रही है। आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों के बीजेपी में शामिल होने से भी विपक्ष को झटका लगा है। इसके अलावा टीएमसी के 20 बागी सांसदों और शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसदों के अलग होने से विपक्ष का पुराना संख्याबल कमजोर हुआ है।
समझिए लोकसभा और राज्यसभा का गणित?
540 सदस्यों वाली लोकसभा में संविधान संशोधन पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत यानी 360 वोट चाहिए। एनडीए के पास फिलहाल करीब 319 से 321 सांसद हैं, यानी उसे 39 से 41 अतिरिक्त वोटों की जरूरत है। ऐसे में डीएमके के 22 सांसद, शरद पवार गुट के 8 सांसद और टीडीपी, वाईएसआर कांग्रेस व बीआरएस जैसे दलों के समर्थन से सरकार का गणित आसान हो सकता है।
उधर 243 वोटिंग सदस्यों वाली राज्यसभा में दो-तिहाई के लिए 162 वोट चाहिए, जहां 151 सांसदों वाले एनडीए को महज 11 वोटों की कमी है। अगर कांग्रेस डीएमके के 22 और एनसीपी (SP) के 8 सांसदों को सरकार के साथ जाने से रोक लेती है, तो लोकसभा में 360 का आंकड़ा छूना सरकार के लिए बेहद कठिन हो जाएगा। अब सबकी निगाहें खड़गे के आवास पर होने वाली बैठक के नतीजों पर टिकी हैं।
संसद में कांग्रेस की रणनीति क्या होगी?
कांग्रेस के सामने तीन रास्ते हैं। पहला, डीएमके, बीजेडी, आप और दूसरे क्षेत्रीय दलों को साथ लाकर बिल के खिलाफ वोटिंग कराना। दूसरा, बिल के मसौदे और परिसीमन की प्रक्रिया पर सवाल उठाकर सरकार से जवाब मांगना। तीसरा, संसद में बहस के दौरान अपने तीन सूत्रीय रुख को मजबूती से रखना और जल्दबाजी में बिल पास कराने का विरोध करना।
कांग्रेस ने यह भी सवाल उठाया है कि जब 30 नवंबर को लोकसभा में बिल पर चर्चा होनी है, तब 27 नवंबर की शाम तक सांसदों को विधेयकों की कॉपी क्यों नहीं दी गई थी। जयराम रमेश ने इसे सांसदों को अंधेरे में रखने जैसा बताया। पार्टी का कहना है कि बिना मसौदे को ठीक से पढ़े इतनी बड़ी संवैधानिक प्रक्रिया पर फैसला नहीं होना चाहिए।
कांग्रेस की रणनीति की असली परीक्षा डीएमके और एनसीपी (एसपी) जैसे दलों के रुख से होगी। एनसीपी (एसपी) के नेता समर्थन का संकेत दे चुके हैं, जबकि डीएमके की मांगें नए प्रस्ताव में शामिल होने की बात सामने आई है। बीजेडी और आप का रुख भी अहम रहेगा। दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी ने बिल का विरोध करने के संकेत दिए हैं और उसके लोकसभा में 37 सांसद हैं।




Click it and Unblock the Notifications
