क्या रोहित के कप्तान बनने पर मुंबई इंडियंस छोड़ देंगे जसप्रीत बुमराह? ठुकराया उपकप्तानी का ऑफर
मुंबई इंडियंस में आईपीएल 2027 से पहले बड़ा बदलाव हो चुका है। हार्दिक पंड्या के पंजाब किंग्स में जाने के बाद रोहित शर्मा एक बार फिर टीम की कप्तानी संभालने जा रहे हैं। फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा भी कर दी। रोहित की वापसी से मुंबई के फैंस काफी खुश हैं, इसी बीच टीम के सबसे अहम खिलाड़ियों में शामिल जसप्रीत बुमराह को लेकर एक नई चर्चा शुरू हो गई है।
बुमराह ने रोहित शर्मा का उपकप्तान बनने का प्रस्ताव ठुकरा दिया है। ऐसे में सवाल उठने लगा है कि क्या वह आने वाले समय में मुंबई इंडियंस से अलग होने का फैसला कर सकते हैं? बुमराह अब तक सिर्फ मुंबई इंडियंस से ही खेलते रहे हैं।

बुमराह ने क्यों ठुकराया उपकप्तानी का ऑफर?
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई इंडियंस के टॉप मैनेजमेंट ने अक्टूबर के पहले सप्ताह में बुमराह से संपर्क किया था। फ्रेंचाइजी उन्हें रोहित शर्मा का डिप्टी बनाना चाहती थी लेकिन भारतीय तेज गेंदबाज ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया। उन्होंने ऐसा क्यों किया, इसकी वजह सामने नहीं आई है।
बुमराह को कप्तानी की दौड़ में भी एक मजबूत विकल्प माना जा रहा था। वह 2026 सीजन में हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में मुंबई की कप्तानी भी कर चुके हैं। उस समय उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि उन्होंने नहीं सोचा था कि मुंबई इंडियंस का कप्तान बनने से पहले वह टेस्ट कप्तान बन जाएंगे।
क्या मुंबई छोड़ सकते हैं बुमराह?
बुमराह के उपकप्तानी का ऑफर ठुकराने के बाद उनके भविष्य को लेकर अटकलें तेज हैं। रिपोर्ट में संभावना जताई गई है कि वह आईपीएल 2028 से पहले होने वाले अगले मेगा ऑक्शन में अपने विकल्पों पर विचार कर सकते हैं। फिलहाल इस बार तो वह मुंबई इंडियंस के साथ ही रहेंगे।
बुमराह को मुंबई ने आईपीएल 2027 के लिए रिटेन किया है। वह 2013 से इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा हैं और अब तक 187 आईपीएल विकेट ले चुके हैं। ऐसे में उनका टीम छोड़ना मुंबई के लिए बड़ा झटका होगा। फिलहाल इतना तय है कि रोहित कप्तान होंगे, बुमराह की उपकप्तानी से दूरी ने भविष्य को लेकर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।


Click it and Unblock the Notifications
