'दिल तो मेसी को कहता है लेकिन..', शाहरुख खान ने बताया किसे करने जा रहे हैं फाइनल मैच में सपोर्ट
शाहरुख खान से एक फैन ने ट्विटर पर पूछा- आप फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में किसको सपोर्ट करने जा रहे हो? ये फाइनल मुकाबला अर्जेंटीना और फ्रांस के बीच आज होने जा रहा है।

फीफा वर्ल्ड कप 2022 में अर्जेंटीना की उपस्थिति भारतीय फैंस के लिए इस महाप्रतियोगिता का महामुकाबला देखने की बड़ी वजह बन गई है। भारत में फुटबॉल ठीक-ठाक लोकप्रिय है लेकिन यहां टीमों से ज्यादा टीम के सितारों के बारे में जानकारी अधिक है। लोग मेसी के लिए आज का फाइनल मुकाबला देखना चाहते हैं जहां पर डिएगो माराडोना की अर्जेंटीना लुसैन स्टेडियम में डिफेंडिंग चैम्पियन फ्रांस का सामना करेगी। फ्रांस के पास भी क्लियान एमबाप्पे जैसा खिलाड़ी मौजूद है जो बैक टू बैक वर्ल्ड कप जीतने का फ्रांस का सपना साकार कर सकता है। हालांकि फ्रांस के खेमे में बीमारियों का डेरा जमाना इस टीम के लिए बुरे सपने सरीखा है।

फैंस की बातों का जवाब देने के लिए ट्विटर पर आए
भारतीयों की नजरें इस फाइनल मुकाबले पर लगी हुई हैं। बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान ने भी उस खिलाड़ी का नाम लिया है जिसको वे फाइनल मुकाबले के लिए बैक यानी सपोर्ट करना चाहेंगे। शाहरुख अपने अलग अंदाज के लिए जाने जाते हैं। कई बार वे बेफिक्र होकर बातें करते हैं तो कई बार बहुत सोच-समझकर। उनकी फिल्म पठान के बेशर्म रंग गाने ने अलग ही लेवल पर विवाद पैदा किया है जिससे फिल्म को भी तगड़ी पब्लिसिटी मिल रही है। इन्ही सब बैकग्राउंड के बीच शाहरुख कुछ समय के लिए फैंस की बातों का जवाब देने के लिए ट्विटर पर आए।

फाइनल में किसको सपोर्ट करने जा रहे हो?
इसी दौरान एक फैन ने उनसे पूछा आप वर्ल्ड कप फाइनल में किसको सपोर्ट करने जा रहे हो? इस पर शाहरुख ने वही कहा जो लगभग हर भारतीय फुटबॉल फैन चाहता होगा। उन्होंने कहा- अरे यार दिल तो मेसी के लिए कहता है लेकिन एमबाप्पे को देखना भी ट्रीट की तरह है।
अर्जेंटीना और फ्रांस दोनों तीसरी बार ट्रॉफी जीतने का टारगेट बना रहे हैं, मॉस्को में अपनी जीत के चार साल बाद फ्रांस फिर फाइनल में लौट रहा है।
डेसचैम्प्स की टीम के लिए बैक-टू-बैक खिताब एक यादगार उपलब्धि होगी। इससे पहले ऐसा करने वाली एकमात्र टीम 1930 के दशक में इटली और 1958 और 1962 में पेले की ब्राजील थी।
मेसी को बस वर्ल्ड कप खिताब की दरकार है
दूसरी ओर ये निश्चित रूप से मेसी का अंतिम विश्व कप मैच है। बार्सिलोना के पूर्व स्टार ने क्लब स्तर पर सब कुछ जीता है, साथ ही सात बार बैलन डी'ओर भी हासिल किया है, और पिछले साल अर्जेंटीना को कोपा अमेरिका में जीत दिलाई थी। उनको बस वर्ल्ड कप खिताब की दरकार है।
मेस्सी अपने पांचवें विश्व कप में शानदार भी रहे हैं। अर्जेंटीना अगर सऊदी अरब के हाथों शुरुआती हार से वापसी कर पाया तो उसके पीछे मेसी का योगदान काफी रहा। फाइनल में मेसी के अलावा जूलियन अल्वारेज पर भी नजरें रहेंगी।












Click it and Unblock the Notifications