ISL 2022 : बेंगलुरू सेमीफाइनल उम्मीदों को कायम रखने के लिए फिसड्डी नॉर्थईस्ट से भिड़ेगी
गोवा: बेंगलुरू एफसी और फिसड्डी नॉर्थईस्ट यूनाइटेड शुक्रवार को फतोर्डा स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में खेले जाने वाले हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2021-22 के लीग मुकाबले में भिड़ेंगे, तो ब्लूज जीत की पटरी पर लौटते हुए शीर्ष-चार के करीब बने रहने को बेताब होंगे, जबकि नॉर्थईस्ट यूनाइटेड अपने विपक्षियों की पार्टी खराब करना चाहेगा। बेंगलुरू की लगातार तीन जीत का सिलसिला अपने पिछले मैच में हैदराबाद से हारने के बाद टूट गया था। लेकिन कोच मार्को पेज़ौली यह मनना चाहेंगे कि ये परिणाम उनकी टीम के लिए एक खराब दिन की तरह था, अन्यथा जो अच्छी फॉर्म में चल रही है। लड़खड़ाती नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के खिलाफ उनकी टीम के लिए वापसी का सुनहरा अवसर है।

बेंगलुरू को अब केवल चार मैच खेलने बाकी हैं और उसे ये सभी मुकाबले जीतने की जरूरत है, तभी उसके लिए सेमीफाइनल में पहुंचने का अवसर बनेगा। बेंगलुरू इस समय अंक तालिका में छठे स्थान पर है। उसके पास 16 मैचों से 23 अंक हैं। ये लीग लीडर हैदराबाद और एटीके मोहन बगान से छह अंक कम है। पूर्व चैम्पियन शुक्रवार के मैच में अपने कुछ प्रभावी खिलाड़ी की कमी महसूस करेंगे। मैच की पर्व संध्या पर जर्मन रणनीतिकार मार्को ने बताया, "आशिक और रोशन उपलब्ध नहीं हैं, रोहित और जयेश भी नहीं खेलेंगे, जो कि चोटिल हैं। जहां तक चोटों का लंबे समय तक प्रभाव का मामला है तो किंग, अमय और हरमनप्रीत अभी भी बाहर हैं। हमारे कुछ खिलाड़ी ऐसे हैं जो अभी भी कोविड के बाद की दिक्कतों से पीड़ित हैं।"
यह भी पढ़ें- 'केएल राहुल T20 वर्ल्ड कप 2022 में रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करेंगे'
मार्को ने जनवरी ट्रांसफर विंडो में डिफेंडर याया बनाना को बेंगलुरू के साथ जोड़ा था और उन्होंने कहा, "याया ने हमारे साथ एक सप्ताह से ट्रेनिंग की हैं, हमें कैमरून के इस डिफेंडर के लिए सावधानी बरतने की जरूरत होगी क्योंकि वह 11 दिनों तक क्वारेंटाइन रहा था। हमें उसे अगले चरणों के लिए तैयार करने की आवश्यकता है। वह मिडफ़ील्ड में एक ओवरलोड पैदा कर सकता है और रक्षात्मक रूप से भी बहुत अच्छा है।" दस मैचों में जीत से दूर चल रही नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के बारे में उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि वो एक अच्छी आक्रामक टीम है, जिसके खिलाड़ी व्यक्तिगत रूप से कुशल हैं। उसके पास कुछ नए चेहरे भी हैं, और हमने उनको हाल के मैच में खेलते हुए देखा है।"
उधर, हाईलैंडर्स के लिए यह सीजन खत्म हो चुका है, लेकिन वो अब केवल आत्म-सम्मान के लिए खेलेंगे। यह तय है कि उनकी जीत सामने पड़ने वाली हर टीम का सेमीफाइल गणित बिगाड़ेगी। नॉर्थईस्ट 17 मैचों से सिर्फ 10 अंक लेकर तालिका में सबसे निचले 11वें स्थान पर है। कोच खालिद जमील की टीम ने इस साल जीत का स्वाद नहीं चखा है और जीत की स्थिति में आकर लगभग 16 अंक गंवाए हैं। कोच जमील ने कहा, "बेंगलुरू के पास अनुभवी खिलाड़ी हैं और हम इस मैच को हल्के में नहीं ले सकते हैं। हमें अपना सीजन मजबूती के साथ करना होगा।" पिछली बार सीजन के पहले चरण में जब ये दोनों टीमें भिड़ी थीं, तो बेंगलुरू ने हाई स्कोरिंग मैच 4-2 से जीता था।












Click it and Unblock the Notifications