ZIM vs SL: एशिया कप से पहले श्रीलंका की ललकार, ज़िम्बाब्वे को बुरी तरह हराकर जीती टी20 सीरीज
Sri Lanka vs Zimbabwe: ज़िम्बाब्वे के खिलाफ निर्णायक टी20 मैच में श्रीलंका ने धमाल मचा दिया और मुकाबला जीतकर सीरीज पर कब्जा जमा लिया। श्रीलंकाई टीम ने एशिया कप से पहले 2-1 से सीरीज अपने नाम करते हुए सभी टीमों को ललकारने का काम भी किया है।
टॉस जीतकर श्रीलंका ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया और यह सही साबित हुआ। ज़िम्बाब्वे के ओपनर बल्लेबाज बेनेट जल्दी आउट हो गए। वह 13 रनों के निजी स्कोर पर आउट होकर चलते बने। उनके बाद सीन विलियम्स 11 गेंदों का सामना करते हुए 23 के निजी स्कोर पर आउट हुए।

उधर विकेटकीपर बल्लेबाज मरुमानी क्रीज पर डटे रहे और रन बनाते चले गए, इससे टीम को सहारा मिला। वह 44 गेंदों का सामना करते हुए 51 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान सिकंदर रजा ने भी तेज बैटिंग करने का प्रयास करते हुए 18 गेंदों में 28 रन बनाए।
Zimbabwe vs Sri Lanka: ज़िम्बाब्वे का अच्छा स्कोर
रयान बर्ल और मुसेकिवा ने मिलकर पारी को आगे बढ़ाया और क्रमशः 26 और 18 रनों की उपयोगी पारियां खेलते हुए ज़िम्बाब्वे का स्कोर 8 विकेट पर 191 रनों तक पहुंचाने में मदद की। श्रीलंकाई टीम के लिए हेमंता ने सर्वाधिक 3 विकेट अपने नाम किये। उनके अलावा चमीरा के खाते में भी 2 विकेट आए।
जवाब में खेलते हुए कुलस मेंडिस और निसंका ने मिलकर धमाल मचा दिया। दोनों ने श्रीलंका को अच्छी शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 58 रनों की भागीदारी की। इस बीच मेंडिस 17 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हो गए। निसंका भी 20 गेंदों में 33 रन के निजी स्कोर पर चलते बने।
Zimbabwe vs Sri Lanka: कामिल मिशारा का धमाका
यहां से कामिल मिशारा और कुसल परेरा ने मिलकर मामला संभाल लिया। दोनों ने जरूरी रन रेट के हिसाब से बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका को गेम में बनाए रखा और तूफानी अंदाज दिखाया। मिशारा ने 43 गेंदों में नाबाद 73 रन बनाए। उनके अलावा परेरा के बल्ले से 26 गेंदों में नाबाद 46 रन आए। 18वें ओवर में श्रीलंका ने 8 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications