World Cup 2023 से बाहर होते ही युजवेंद्र चहल ने लिया बड़ा फैसला, काउंटी क्रिकेट में कर सकते हैं डेब्यू
ICC World Cup 2023: एशिया कप के बाद वनडे विश्व कप 2023 की स्क्वाड में भी स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल को जगह नहीं मिली है। टीम इंडिया से ड्रॉप किए जाने के बाद चहल ने काउंटी क्रिकेट खेलने का फैसला किया है। वह इंग्लैंड में केंट काउंटी क्लब के लिए खेल सकते हैं।
भारतीय लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल आने वाले दिनों में काउंटी टीम केंट के लिए मैच खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्हें 2023 वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया है, चयनकर्ताओं ने एकमात्र स्पिनर के रूप में कुलदीप यादव का नाम चुना है।

टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, काउंटी की ओर से जल्द ही इस संबंध में घोषणा होने वाली है, क्योंकि खिलाड़ी को पहले ही भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से नो ऑबजेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) मिल चुका है।
एक सूत्र ने टीओआई को बताया कि, 'केंट काउंटी क्रिकेट क्लब जल्द ही इस बारे में एक आधिकारिक घोषणा करेगा। चहल उनके लिए तीन चार दिवसीय मैच खेलेंगे। बीसीसीआई ने उन्हें काउंटी क्रिकेट खेलने के लिए एनओसी दे दी है। हालांकि, भारत टीम को भी जब भी उनकी जरूरत होगी, तब चहल तुरंत राष्ट्रीय टीम में शामिल हो जाएंगे।'
दरअसल, टीम इंडिया से बाहर होने के बाद अपनी लय बनाए रखने के लिए कई भारतीय खिलाड़ी इंग्लैंड गए हैं। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने पिछले साल केंट का प्रतिनिधित्व किया था, जबकि साई सुदर्शन, जयंत यादव और उमेश यादव जैसे खिलाड़ी भी जल्द ही काउंटी चैंपियनशिप में एक्शन में होंगे।
लेग स्पिनर ने 2023 में केवल दो वनडे मैच खेले हैं, टीम ने उनकी जगह रवींद्र जड़ेजा और कुलदीप यादव की सफल जोड़ी को चुना है। उन्हें उम्मीद है कि निकट भविष्य में उनके प्रदर्शन से उन्हें राष्ट्रीय टीम में वापसी करने में मदद मिलेगी।
ये भी पढ़ें- PAK vs BAN Live: पाकिस्तान को लगा पहला झटका, फखर जमान हुए आउट
उन्होंने टीओआई को बताया कि, 'स्वाभाविक रूप से भारत के लिए किसी भी चयन से चूकना बहुत निराशाजनक है। एक क्रिकेटर के रूप में हमें स्वीकार करना चाहिए कि कुछ चीजें हमेशा हमारे अनुसार नहीं होती हैं। मुझे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करना जारी रखना चाहिए और उम्मीद है कि मेरा प्रदर्शन भारत के लिए फिर से चयन को उचित ठहराएगा।'












Click it and Unblock the Notifications