IPL Auction 2023: विव्रांत शर्मा के आइडल क्रिकेटर हैं युवराज सिंह, सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीदा है 2.6 करोड़ मे
विव्रांत शर्मा जम्मू कश्मीर के अनकैप्ड खिलाड़ी हैं। उन्होंने 20 लाख रुपए के बेस प्राइज के साथ खुद को ऑक्शन में रजिस्टर्ड कराया था, लेकिन हैदराबाद ने उन्हें 2.6 करोड़ में खरीद लिया।

आईपीएल 2023 के लिए हुई मिनी ऑक्शन में जम्मू कश्मीर के अनकैप्ड खिलाड़ी विव्रांत शर्मा को सनराइजर्स हैदराबाद ने 2.6 करोड़ रुपए में खरीदकर सनसनी मचा दी थी। विव्रांत ने खुद को 20 लाख रुपए के बेस प्राइज के साथ ऑक्शन में रजिस्टर्ड कराया था, लेकिन हैदराबाद ने इस खिलाड़ी को करोड़पति बना दिया। विव्रांत रातोंरात स्टार बन गए हैं। मिनी ऑक्शन में बिकने के बाद उन्होंने इंडिया टुडे को एक इंटरव्यू दिया है, जिसमें उन्होंने अपने आइडल क्रिकेटर के बारे में बताया है।
क्या कहा है विव्रांत शर्मा ने?
इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, विव्रांत शर्मा के पसंदीदा क्रिकेटर युवराज सिंह रहे हैं और उन्होंने युवी को ही हमेशा फॉलो किया है। विव्रांत ने इंटरव्यू के दौरान कहा है, "शुरुआत से ही मैं युवराज सिंह को देखता था और उन्हीं को फॉलो भी करता था। मैं युवी सर को ही नकल करने की कोशिश में बड़ा हुआ हूं। वह मेरे साथ क्लिक करते थे क्योंकि वह एक ऑलराउंडर थे और क्योंकि उनकी बॉडी लैंग्वेज बहुत प्रभावशाली थी। मैंने उन्हीं से बहुत कुछ सीखा है।"
पिछले सीजन में हैदराबाद के नेट बॉलर थे विव्रांत
आपको बता दें कि विव्रांत शर्मा ने पिछले कुछ महीनों के अंदर घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर सभी को चौंकाया है। सनराइजर्स हैदराबाद की नजर इस खिलाड़ी पर टिकी हुई थी। नीलामी में विव्रांत का नाम आते ही फ्रेंचाइजी ने इस खिलाड़ी को अपने हाथ से निकलने नहीं दिया और 2.6 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ लिया। विव्रांत ने खुलासा किया है कि वो पिछले सीजन में हैदराबाद के नेट बॉलर भी थे। उस दौरान उन्होंने ब्रायन लारा के साथ काफी वक्त बिताया है।
इरफान पठान के बारे में क्या बोले विव्रांत?
इंटरव्यू में विव्रांत ने भारत के पूर्व खिलाड़ी इरफान पठान के साथ अपने अनुभव को भी याद किया और कहा कि पठान की बातों ने उनकी जिंदगी बदल दी। विव्रांत इस समय नागपुर में रणजी ट्रॉफी में अपने अगले मैच की तैयारी कर रहे हैं। आपको बता दें कि विव्रांत शर्मा आईपीएल में जम्मू कश्मीर से आने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले उमरान मलिक और अब्दुल समद भी सनराइजर्स हैदराबाद में हैं। वहीं मोहम्मद सिराज भी कश्मीर से हैं।












Click it and Unblock the Notifications