Year Ender 2025: साल 2025 का सबसे रोमांचक मैच? जिसे देख थम गई थी फैंस की सांसे, इतिहास में दर्ज हुआ मुकाबला
Year Ender 2025: साल 2025 खत्म होने में अब बस कुछ ही दिनों का समय रह गया है। अगर इस साल के सबसे रोमांचक क्रिकेट मैच की बात करें तो वह निश्चित रूप से एशिया कप 2025 का फ़ाइनल था। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया यह हाई-वोल्टेज मुकाबला इतिहास में दर्ज हो गया, जिसे भारत ने 5 विकेट से जीतकर खिताब अपने नाम किया।
भारतीय गेंदबाजों की दमदार वापसी (Year Ender 2025)
टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी पाकिस्तान टीम ने साहिबजादा फ़रहान (57) और फ़ख़र ज़मान (46) की शानदार शुरुआत के दम पर 84 रन तक बिना कोई विकेट खोए मज़बूत पकड़ बना ली थी। लेकिन भारतीय स्पिनरों ने इसके बाद मैच का नक्शा ही बदल दिया। वरुण चक्रवर्ती ने पहले फ़रहान और फिर फ़ख़र ज़मान को आउट कर भारत को वापसी दिलाई।

कुलदीप यादव ने डाला यादगार स्पेल
इसके बाद कुलदीप यादव ने शानदार स्पेल डालते हुए पाकिस्तान के मिडिल और लोअर ऑर्डर की कमर तोड़ दी। उन्होंने चार अहम विकेट चटकाए, जिनमें सईम अयूब और शाहीन अफ़रीदी शामिल थे। एक समय 84 रन पर बिना किसी नुकसान के खड़ी पाकिस्तान की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और केवल 19.1 ओवर में 146 रन पर ऑल आउट हो गई।
भारत ने गंवाएं 20 पर ही तीन विकेट
147 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद ख़राब रही। शुरुआती ओवरों में ही अभिषेक शर्मा (5), कप्तान सूर्यकुमार यादव (1) और शुभमन गिल (12) जल्दी आउट हो गए। भारत का स्कोर एक समय 20/3 था, और टीम दबाव में थी। लेकिन इसके बाद युवा बल्लेबाज़ों ने कमाल दिखाया। तिलक वर्मा और संजू सैमसन ने पारी को संभाला। संजू सैमसन ने 24 रन की आक्रामक पारी खेली, लेकिन वह भी जल्द आउट हो गए।
तिलक वर्मा ने पलटा मैच
तिलक वर्मा एक छोर पर डटे रहे और केवल 41 गेंदों में शानदार अर्धशतक पूरा किया। उनका साथ दिया शिवम दुबे ने, जिन्होंने 21 गेंदों पर 33 रन की आतिशी पारी खेली और रन रेट को तेज़ी से बढ़ाया। अंत में तिलक वर्मा (नाबाद 69) ने मैच को पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया, और रिंकू सिंह ने विजयी चौका लगाकर टीम इंडिया को 19.4 ओवर में 5 विकेट से रोमांचक जीत दिलाकर एशिया कप 2025 का खिताब दिलवाया।












Click it and Unblock the Notifications