WPL 2024: दीप्ति शर्मा ने हैट्रिक लेकर रचा इतिहास, रोमांचक मैच में टीम को दिला दी 1 रन से जीत
WPL 2024: महिला प्रीमियर लीग में शुक्रवार को दीप्ति शर्मा ने धांसू प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को जीत दिला दी। उन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से धमाका किया। दीप्ति शर्मा ने महिला प्रीमियर लीग में एक ऐसा कारनामा किया है, जो अब तक कोई भारतीय महिला गेंदबाज नहीं कर पाई।
महिला प्रीमियर लीग के इतिहास में दीप्ति शर्मा पहली भारतीय गेंदबाज हैं जिन्होंने हैट्रिक ली है। दिल्ली कैपिटल्स की बैटिंग के दौरान दीप्ति पारी का 14वां ओवर डाल रही थीं और हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया। दीप्ति शर्मा ने बल्ले से भी उपयोगी पारी खेली।

दीप्ति शर्मा ने ससे पहले दिल्ली की कप्तान मेग लेनिंग को आउट किया। इसके बाद भी वह नहीं रुकीं। उनकी दूसरी शिकार अन्नाबेल सदरलैंड और अगले ओवर की पहली गेंद पर शिकार अरुंधति रेड्डी बनी। इस तरह तीनों को लगातार आउट करते हुए दीप्ति ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया।
पहले सीजन में भी एक गेंदबाज ने हैट्रिक प्राप्त की थी लेकिन वह भारतीय नहीं थीं। इंग्लैंड की एसी वोंग ने यह माइलस्टोन हासिल किया था। यूपी वॉरियर्ज के खिलाफ साल 2023 के सीजन में मुंबई इंडियंस के लिए एलिमिनेटर मुकाबले में खेलते हुए उन्होंने हैट्रिक ली थी।
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और यूपी वॉरियर्ज के बीच मुकाबला काफी रोमांचक रहा। यूपी ने दिल्ली का विजयी रथ रोकने में सफलता हासिल की। यूपी की टीम ने 1 रन से मुकाबला अपने नाम करते हुए दिल्ली का दिल ही तोड़ दिया। 4 मैचों में जीत के बाद अंततः दिल्ली को हार का सामना करना पड़ा है।
यूपी वॉरियर्ज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 138 रनों का स्कोर खड़ा किया दीप्ति शर्मा ने यहाँ बल्ले से हाथ दिखाए और 48 गेंदों में 59 रनों की पारी खेली। जवाबी पारी में खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स एक गेंद शेष रहते 137 रनों के कुल स्कोर पर ऑल आउट हो गई।












Click it and Unblock the Notifications