WPL 2023 ऑक्शन के लिए शॉर्टलिस्ट खिलाड़ियों का हुआ ऐलान, 1500 से ज्यादा नाम आए थे
पुरुष आईपीएल की तर्ज पर अब महिला लीग भी होने जा रही है और इसके लिए खिलाड़ियों की नीलामी प्रक्रिया होनी है।

WPL 2023 Auction: महिला प्रीमियर लीग के पहले सीजन का ऑक्शन13 फरवरी को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में होगा। इस नीलामी प्रक्रिया में भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर और तूफानी ओपनर बल्लेबाज स्मृति मंधाना के ऊपर नजरें रहेंगी। नीलामी में कुल 409 महिला क्रिकेटरों के ऊपर बोली लगनी है। हालांकि रजिस्ट्रेशन कराने वाले नामों की संख्या इससे काफी ज्यादा थी। शॉर्टलिस्ट होने के बाद 400 से ज्यादा नामों को नीलामी में रखने का निर्णय लिया गया।
पहली बार हो रही इस नीलामी प्रक्रिया के लिए 1525 महिला क्रिकेटरों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था। 409 खिलाड़ी शॉटलिस्ट हुए हैं और इनमें 246 भारतीय नाम हैं। विदेशी खिलाड़ियों के बात की जाए तो उनकी संख्या 163 है और खास बात यह भी है इनमें आठ खिलाड़ी एसोसिएट देशों से है। कैप्ड खिलाड़ियों की बात की जाए तो यह संख्या 202 है और 199 खिलाड़ी अनकैप्ड हैं, 8 नाम एसोसिएट देशों से हैं।
हालांकि 400 से अधिक खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है लेकिन इनमें से 5 टीमों में सिर्फ 90 नामों को शामिल किया जाएगा। अहम बात यह भी है कि इन 90 खिलाड़ियों में भी 30 स्लॉट विदेशी क्रिकेटरों के लिए रिजर्व हैं। सबसे ज्यादा बेस प्राइस 50 लाख रुपये है। इसमें 24 खिलाड़ियों का नाम है। हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना भी इस प्राइस कैप के अंदर है। 30 खिलाड़ियों ने 40 लाख बेस प्राइस पर रजिस्टर किया है।
भारत से 50 लाख बेस प्राइस में रजिस्टर करवाने वाली अन्य खिलाड़ियों में दीप्ति शर्मा और अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली कप्तान शेफाली वर्मा का नाम भी शामिल है। इस ब्रैकेट में 13 विदेशी खिलाड़ियों का नाम भी शामिल है।
महिला प्रीमियर लीग का पहला सीजन 4 मार्च से शुरू होगा और इसका समापन 26 मार्च को होगा। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम और डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले जाएंगे। बोर्ड ने ब्रॉडकास्टर राइट्स पहले ही बेच दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications