रोहित शर्मा से उमेश यादव तक, ऐसी हो सकती है WTC Final के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग 11
WTC Final Team India Playing 11: वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल 2023 के लिए कैसी हो सकती है टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग 11

भारत ने आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल (WTC Final 2023) मुकाबले के लिए 15 खिलाड़ियों की टीम घोषित की है। 7 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंग्लैंड के ओवल मैदान पर होने वाले इस मुकाबले में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन कैसी हो सकती है।
ओपनिंग जोड़ी- रोहित शर्मा बिना किसी बहस के टीम इंडिया के ओपनर होंगे। भारत ने जब 2021-22 में इंग्लैंड का दौरा किया था तो रोहित ने चार टेस्ट मैचों में 52.57 की औसत के साथ 368 रन बनाए थे।
उनके जोड़ीदार के तौर पर शुभमन गिल अपने करियर की बेहतरीन इंटरनेशनल फॉर्म में चल रहे हैं लेकिन टेस्ट करियर की अभी शुरूआत ही है जहां उन्होंने 15 टेस्ट मैचों में 2 शतक के साथ 890 रन बनाए हैं। इंग्लैंड में उनका रिकॉर्ड अच्छा नहीं है लेकिन फॉर्म को देखते हुए केएल राहुल की जगह गिल के ओपन करने की संभावनाएं ज्यादा है।
चेतेश्वर पुजारा- नंबर 3 पर चेतेश्वर पुजारा पर भी कोई बहस नहीं है। पुजारा का काम ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजों की धार को कुंद करना होगा। पुजारा ने इंग्लैंड में 15 टेस्ट मैच खेलते हुए 829 रन बनाए हैं।
विराट कोहली नंबर चार पर होंगे जिनका आस्ट्रेलिया के खिलाफ बहुत अच्छा रिकॉर्ड है। कोहली ने कंगारुओं के खिलाफ 24 टेस्ट मैचों में 8 शतक के साथ 1979 रन बनाए।
अजिंक्य रहाणे- नंबर 5 पर अजिंक्य सबसे दिलचस्प हैं जो लंबे समय से भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल नहीं थे पर उनकी अच्छी फॉर्म को देखते हुए ना केवल डब्लूटीसी फाइनल में उनको जगह मिली है बल्कि प्लेइंग 11 में भी खेल सकते हैं। रहाणे का रिकॉर्ड ओवरसीज में बढ़िया रहता है जिसके चलते केएल राहुल से कंपटीशन मिलने के बावजूद यह खिलाड़ी नंबर 5 पर अपनी जगह बरकरार रख सकता है।
रवींद्र जडेजा- नंबर 6 पर जडेजा होने चाहिए और जिस तरह से उन्होंने प्रीमियर टेस्ट ऑलराउंडर के तौर पर खुद को ढाला है उसके हिसाब से उनका चयन ओवरसीज मुकाबलों में भी ऑटोमेटिक तौर पर होना चाहिए। भले ही इंग्लैंड में उनकी स्पिन गेंदबाजी ज्यादा काम की नहीं है लेकिन वह बल्लेबाजी से अभी भी अच्छा रोल निभा सकते हैं। उन्होंने मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल में 673 रन बनाए हैं।
विकेटकीपर- भारत यहां केएल राहुल से कीपिंग कराने का जोखिम शायद ही लेना चाहेगा क्योंकि इंग्लैंड में स्विंग होती पिचों पर एक स्पेशलिस्ट विकेटकीपर की दरकार होती है। ऐसे में केस भरत होंगे जिनको थोड़ा और बेहतर बल्लेबाज बनना होगा क्योंकि उनके नाम अभी चार टेस्ट मैचों में केवल 101 रन ही मौजूद है।
Recommended Video

शार्दुल ठाकुर- यहां शार्दुल ठाकुर को बोलिंग ऑलराउंडर के तौर पर जगह मिल सकती है जिन्होंने इंग्लैंड में तीन टेस्ट मैचों में 8 विकेट चटकाए हैं और 2 अर्धशतक भी अपने नाम किए हैं।
तेज गेंदबाजी- मोहम्मद शमी इस भारतीय तेज गेंदबाजी के लीडर है जिन्होंने इंग्लैंड में 13 टेस्ट मैचों में अभी तक 38 विकेट चटकाए हैं। मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल में भी शमी ने 12 टेस्ट मैचों में 41 विकेट लेने में कामयाबी हासिल की है।
मोहम्मद सिराज ने तीनों फॉर्मेट में अपने आपको भारत का एक पक्का तेज गेंदबाज साबित किया है जो नई गेंद से विकेट ले सकते हैं। इंग्लैंड में खेले गए पांच टेस्ट मैचों में उन्होंने 15 विकेट भी चटकाए हैं जो ओवल में होने वाले मुकाबले के लिए उनको बढिया गेंदबाज बनाता है। मौजूदा डब्लूटीसी साइकिल में यह गेंदबाज 13 मुकाबलों में 31 विकेट ले चुका है।
उमेश यादव- जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी और जयदेव उनादकट से मिलने वाले जबरदस्त कंपटीशन के बावजूद उमेश यादव अनुभव और हालिया फॉर्म के आधार पर इंग्लैंड की धरती पर अपनी जगह पक्की कर सकते हैं। उन्होंने इंग्लैंड में 2 टेस्ट मैच खेले हैं जहां 9 विकेट चटकाए हैं इसके अलावा वे निचले क्रम पर कैमियो भी कर सकते हैं।
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन- रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, रवींद्र जडेजा, केएस भरत (कीपर), शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव।












Click it and Unblock the Notifications