World Cup 2023: भारत-पाक मैच को लेकर गजब का क्रेज! सभी होटल बुक, 5 गुना बढ़ीं फ्लाइट की कीमतें
World Cup 2023: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 का इंतजार जल्द ही खत्म होने जा रहा है। 12 साल के लंबे इंतजार के बाद भारत की मेजबानी में 5 अक्टूबर को टूर्नामेंट का आगाज होना है, जबकि फाइनल 19 नवंबर को खेला जाएगा। वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान का आमना-सामना 14 अक्टूबर को अहमदाबाद में होगा, जिसको लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
दरअसल, वर्ल्ड कप के आगाज में अभी 2 महीने बाकी होने के बावजूद होटल और हवाई यात्रा के दाम आसमान छू रहे हैं। आईसीसी के नए शेड्यूल के मुताबिक, अब भारत-पाकिस्तान मैच 15 अक्टूबर की जगह 14 अक्टूबर को होगा। यह मैच दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने के कारण एडवांस बुकिंग शुरू हो गई हैं।

होटलों में बुकींग लगभग फुल
इंडिया टूडे की रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान होटलों में बुकींग लगभग फुल हो चुकी है। थ्री स्टार से लेकर 5 स्टार होटलों में एक दिन का किराया 20,000 से 2.5 लाख रुपये तक पहुंच गया है, प्रेसिडेंशियल सुइट में बुकिंग 1 लाख से 2.5 लाख रुपये में हुई है, जिसका मुख्य कारण क्रिकेट प्रेमियों के बीच मैच का बेसब्री से इंतजार माना जा रहा है।
होटल एसोसिएशन का मानना है कि मैच के टिकट कन्फर्म होने के बाद अहमदाबाद के 100 किलोमीटर के दायरे के सभी छोटे-बड़े होटल और शेयरिंग फ्लैट भी बुक हो जाएंगे। इस मैच के टिकट अभी बिकना शुरू नहीं हुए हैं, उससे पहले भी ये हाल है, ऐसे में जब टिकट कन्फर्म हो जाएंगे तो उसके बाद बाकी जगहों पर भी दाम बढ़ जाएंगे।
30-40 हजार लोगों के बाहर से आने की खबर
इसका बड़ा कारण यह है कि स्टेडियम की क्षमता 1 लाख से अधिक दर्शकों की है और लगभग 30-40 हजार लोग गुजरात के बाहर से आएंगे, जिसके कारण कीमतें आसमान छू रही हैं। अहमदाबाद के एक फाइव स्टार डीलक्स होटल में जहां करीब 180 कमरे हैं जो लगभग पूरे बुक हैं।
हवाई यात्रा भी हो जाएगी महंगी
होटल के अलावा उन दिनों हवाई यात्रा भी महंगी हो गई है। 13 से 15 अक्टूबर के बीच मुंबई और दिल्ली से अहमदाबाद आने वाली ज्यादातर फ्लाइट्स में कीमतें 10 हजार से 25 हजार तक पहुंच चुकी हैं। आगे और बढ़ने की उम्मीद है। आम दिनों में यह किराया 2.5 हजार से 5 हजार तक होता है, जो इस मैच के कारण 5 गुना बढ़ गया है। यह स्थिति तब है जब मैच के लिए टिकटों की बिक्री भी शुरू नहीं हुई है।
यह स्थिति मैच से दो महीने पहले की है और अभी तक टिकटों की बिक्री भी शुरू नहीं हुई है। जैसे-जैसे मैच का दिन करीब आएगा, इसका असर और ज्यादा दिखेगा और क्रिकेट प्रेमी अपने परिवार और दोस्तों के साथ इस बड़े त्योहार में शामिल होंगे। टिकटों की बिक्री शुरू होने का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications