चोट, संन्यास, कॉन्टैक्ट के चलते ये खिलाड़ी थे बाहर, अब वनडे वर्ल्ड कप में इन दिग्गजों की वापसी से आएगी बहार
ICC World Cup 2023: वर्ल्ड कप का मतलब है, सितारों का जश्न, जहां दिग्गज टीमें, दिग्गज खिलाड़ियों के साथ एक-दूसरे से मुकाबला करने के लिए बेताब रहती हैं। भारत में 5 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा वनडे वर्ल्ड कप कुछ ऐसा ही दौर लेकर आने वाला है।
किसी भी टीम का मकसद वर्ल्ड कप के हिसाब से तैयारियों को अंजाम देना और उस मेगा इवेंट में अपने बेस्ट खिलाड़ियों को सुरक्षित रखने पर होता है।

साल भर हम ऐसे कई खिलाड़ियों को मिस करते हैं जिनको हम पसंद करते हैं। लेकिन वे किसी ना किसी वजह से नेशनल टीम में किसी फॉर्मट से दूर ही रहते हैं। वर्ल्ड कप ऐसे खिलाड़ियों को फिर से एकजुट कर रहा है।
इस एकजुटता के चलते ही इस प्रतियोगिता को कई बार महाकुंभ की संज्ञा भी दे दी जाती है। इस बार आप बेन स्टोक्स जैसे आधुनिक क्रिकेट के महानतम ऑलराउंडर को फिर से 50 ओवर की क्रिकेट में जान फूंकते हुए देख पाएंगे।
स्टोक्स ने पिछले ही साल वनडे से संन्यास की घोषणा कर दी थी, लेकिन अब उन्होंने विश्व कप के लिए फिर से अपनी वापसी का ऐलान कर दिया है। एक और खिलाड़ी हैं ट्रेंट बोल्ट, जो न्यूजीलैंड के महान बाए हाथ के तेज गेंदबाज हैं।
बोल्ट ने पिछले साल सितंबर से अब तक कोई वनडे मैच नहीं खेला है। वे फ्रीलांस क्रिकेटर हैं, इसलिए कीवी टीम के नियमित सदस्य नहीं हैं, लेकिन विश्व कप के लिए फिर से उनको टीम में जगह दी गई है। बोल्ट को आप इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ होने जा रही सीरीज में शिरकत करते हुए देख सकेंगे।
न्यूजीलैंड के दिग्गज खिलाड़ी और कप्तान केन विलियमसन भी आईपीएल 2023 के एक मैच में अपना घुटना चोटिल कराने के बाद कोई मैच नहीं खेले हैं, लेकिन विश्व कप तक फिट होने के लिए उनको टाइम दिया गया है। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड का इस बल्लेबाज को पूरा सपोर्ट है और वे तेजी से रिकवरी कर रहे हैं। सब सही रहा तो विलियमसन टूर्नामेंट के पीक तक टीम में खेलते नजर आ सकते हैं।
ये भी पढ़ें- अश्विन को वर्ल्ड कप में चुने जाने की परवाह नहीं, टीम सिलेक्शन की 'टेंशन' पर जानिए क्या जवाब दिया
चोट से वापसी करने वाले एक और दिग्गज हैं जसप्रीत बुमराह जिन्होंने करीब सवा तीन सौ दिन से क्रिकेट का एक भी मैच नहीं खेला है। वे आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए कप्तान हैं और वर्ल्ड कप की टीम में खुद की जगह फिट करने के लिए हिट नजर आ रहे हैं।
पैट कमिंस भी तेजी से रिकवरी कर रहे हैं। कंगारू कप्तान को एशेज सीरीज के दौरान कलाई में चोट आई थी। धीरे-धीरे ये सभी दिग्गज विश्व कप के मेले तक एकजुट हो रहे हैं और इस खेल के प्रेमियों को रोमांच का एक भरपूर तमाशा मिलने की पूरी गारंटी दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications