IND vs AFG: आईपीएल के बाद पहली बार आमने-सामने होंगे विराट कोहली- नवीन-उल-हक, जानें कौन किस पर होगा भारी?
India vs Afghanistan: टीम इंडिया ने चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में अपने पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को हराकर शानदार शुरुआत की है। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम इस लय को जारी रखना चाहेगी, जब वे दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में टूर्नामेंट के अपने दूसरे मैच में अफगानिस्तान से भिड़ेंगे।
इस खेल में जिन दो खिलाड़ियों पर सभी की निगाहें होंगी, वे हैं विराट कोहली और नवीन उल हक, जो आईपीएल 2023 के अपने कड़े मुकाबले के बाद पहली बार आमने-सामने होंगे।

आईपीएल 2023 के दौरान शुरू हुआ विवाद
दरअसल, इस साल की शुरुआत में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2023) के दौरान विराट और नवीन के बीच का विवाद काफी सुर्खियों में रहा है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेल रहे विराट कोहली और लखनऊ सुपर जाइंट्स के लिए खेल रहे नवीन-उल-हज के बीच लखनऊ में मैच के दौरान तीखी बहस देखने को मिली थी। इस बहस में एलएसजी के मेंटर गौतम गंभीर ने हस्तक्षेप किया और कोहली के साथ फिर उनकी भी एक लंबी बहस देखने को मिली।
आईपीएल के बाद भी नवीन-उल-हक ने किया विराट पर कटाक्ष
इस विवाद के बाद नवीन-उल-हक यहीं नहीं रुके। उन्होंने कई इंस्टाग्राम स्टोरी और पोस्ट में विराट कोहली पर बिना नाम लिए कटाक्ष किया। इस क्रम में उन्होंने आईपीएल 2023 के दौरान मुंबई इंडियंस के खिलाफ आरसीबी की हार के दौरान 'मीठे आम' के साथ पोस्ट किया गया था, जोकि काफी सुर्खियों में रहा।
नवीन-उल-हक ने बताया विवाद का कारण
इसके बाद बीबीसी पश्तो के साथ एक इंटरव्यू में नवीन उल हक ने एक बार फिर कोहली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह स्टार भारतीय क्रिकेटर ही थे जिन्होंने एलएसजी बनाम आरसीबी मैच के दौरान लड़ाई शुरू की थी। उन्होंने कहा कि मैंने लड़ाई शुरू नहीं की। मैच के बाद, जब हम हाथ मिला रहे थे, विराट कोहली ने लड़ाई शुरू कर दी।
क्राउड ने नवीन-उल-हक को जमकर किया ट्रोल
विराट कोहली आधुनिक युग के सबसे लोकप्रिय भारतीय क्रिकेटर हैं और फैंस के बीच काफी पसंदीदा हैं। इसलिए, कोहली के साथ उस लड़ाई के बाद नवीन उल हक भारत में जहां भी गए, क्राउड ने अफगान तेज गेंदबाज को चिढ़ाने के लिए 'कोहली, कोहली' के नारे लगाए। ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में नवीन उल हक चिढ़ भी गए और भीड़ को हताशा में जवाब दिया।
वर्ल्ड कप में पहली बार आमने-सामने होंगे विराट और नवीन
अब नवीन उल हक आईपीएल 2023 के मैच के बाद पहली बार विराट कोहली से आमने-सामने हैं, वो भी कोहली के घर दिल्ली में। यहां अफगान गेंदबाज को क्राउड से एक बार फिर तीखी प्रतिक्रिया मिलनी तय है और यह देखना होगा कि दोनों स्टार क्रिकेटरों के बीच चीजें शांत रहती हैं या नहीं।
विश्व कप 2023 के भारत बनाम अफगानिस्तान मैच की प्लेइंग इलेवन में विराट का होना तय है, हालांकि, नवीन के भी इस मुकाबले में शामिल होने की पूरी संभावना है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आमतौर पर हाई स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं, और यह पिच बल्लेबाजों के लिए काफी मददगार भी है।
जानें कौन किस पर होगा भारी?
वही दूसरी ओर अरुण जेटली स्टेडियम विराट कोहली का होम ग्राउंड होने के कारण यहां की मिट्टी से वह अच्छी तरह परिचित हैं। इसके अलावा कोहली इस समय शानदार फॉर्म में हैं। ऐसे में विराट के बल्ले से एक बड़ी पारी की उम्मीद की जा सकती है। मैच के दौरान देखने दिलचस्प होगा कि कौन किस पर भारी पड़ता है। साथ ही ये देखना भी दिलचस्प होगा कि गौतम गंभीर, कोहली और नवीन में से किसे सपोर्ट करते हैं?












Click it and Unblock the Notifications