World Cup 2023, IND vs PAK: 'मुझे कैंसर था शुभमन गिल...', जानिए युवराज ने क्यों कहा ऐसा?
World Cup 2023, IND vs PAK: विश्वकप 2023 का महामुकाबला शनिवार को भारत और पाकिस्तान के बीच होने जा रहा है, सारे क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस मैच पर लगी हुई हैं तो वहीं दूसरी ओर भारत के विस्फोटक ओपनर शुभमन गिल पर भी सबकी नजरें हैं क्योंकि विश्वकप मुकाबले के ठीक पहले गिल को डेंगू हो गया था और इसी कारण वो ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के मैचों में नजर नहीं आए थे।

हालांकि उन्हें कल अहमदाबाद में नेट प्रेक्टिस करते हुए देखा गया है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि वो शायद शनिवार के मुकाबले में नजर आएंगे। लेकिन इसी बीच भारत के पूर्व स्टार प्लेयर क्रिकेटर युवराज सिंह ने गिल के लिए एक बड़ा ही स्पेशल मैसेज दिया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया है।
'मुझे तो कैंसर था और मैंने कैंसर में वर्ल्ड कप खेला है'
दरअसल युवराज सिंह ने कहा कि 'शुभमन गिल को मैंने तगड़ा यानी कि चुस्त कर दिया है, मैंने उसे कहा कि 'मुझे तो कैंसर था और मैंने कैंसर में वर्ल्ड कप खेला है तो तू तैयार हो जा' और मुझे पूरी उम्मीद है कि अब वो कल के मैच में दिखेंगे वैसे देखिए जब बुखार या डेंगू होता है तो इंसान को बहुत ज्यादा कमजोरी हो जाती है लेकिन मुझे लगता है कि गिल अगर फिट हैं तो जरूर खेलेंगे।'
गिल पाकिस्तान के खिलाफ प्लेईंग इलेवन में रहेंगे?
आपको बता दें कि शुभमन गिल सुबह 11 बजे नरेंद्र मोदी स्टेडियम पहुंचे थे और टीम के डॉक्टर रिजवान की देखरेख में उन्होंने कुछ कसरतें करने के बाद नेट पर अभ्यास किया था। फिलहाल वो पाकिस्तान के खिलाफ प्लेईंग इलेवन में रहेंगे या नहीं इस बारे में अंतिम फैसला मुख्य कोच राहुल द्रविड़ कल डॉक्टर से बात करने के बाद ही लेंगे।
युवराज सिंह 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' थे
मालूम हो कि साल 2011 के विश्वकप में युवराज सिंह 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' थे। उन्होंने इंडिया के लिए 304 वनडे इंटरनेशनल खेले हैं जिसमें उन्होंने 8701 रन बनाए हैं। उन्होंने वनडे इंटरनेशनल में 14 शतक और 52 अर्धशतक बनाए हैं। उन्होंने 2002 चैंपियंस ट्रॉफी, 2003 वर्ल्ड कप, 2007 टी20 वर्ल्ड कप, 2011 वर्ल्ड कप, 2014 टी20 वर्ल्ड कप और 2017 चैंपियंस ट्रॉफी खेली है।
इसलिए युवी को लोग असली फाइटर कहते हैं
विश्वकप जीतने के बाद ही युवराज सिंह ने बताया था कि 'वो कैंसर से जूझ रहे हैं', हालांकि इसके बाद उनका इलाज चला और उन्होंने ये जंग जीती इसलिए युवी को लोग असली फाइटर कहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications