World Cup 2023: डी लीड ने हारिस रऊफ को छक्का जड़ मारी आँख, वीडियो तेजी से वायरल
Pakistan vs Netherlands: नीदरलैंड्स को पाकिस्तान ने वर्ल्ड कप मुकाबले में हरा दिया लेकिन बैस डी लीड ने प्रभावशाली खेल का प्रदर्शन किया। वह गेंद और बल्ले से धाकड़ खेल दिखाने में सफल रहे। मैदान पर एक मजेदार घटना भी देखने को मिली। उन्होंने हारिस रऊफ को छक्का जमाया था।
छक्का जड़ने के बाद डी लीड ने हारिस रऊफ की तरफ ऐसा इशारा किया, जिसके बारे में इस गेंदबाज ने भी नहीं सोचा होगा। नीदरलैंड्स के इस ऑल राउंडर ने हारिस रऊफ की तरफ आँख मारी। 29वें ओवर में हारिस रऊफ की गेंद को पुल कर बल्लेबाज ने छह रनों के लिए सीमा रेखा से बाहर भेज दिया। टी20 वर्ल्ड कप 2022 में डी लीड हारिस रऊफ को पुल करते हुए चोट खा बैठे थे। इस बार उन्होंने छक्का जमा दिया।

गेंद को दर्शकों में भेजने के बाद डच खिलाड़ी ने गेंदबाज की तरफ आँख मारी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। बल्लेबाजी से पहले डी लीड ने धमाकेदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। वह 4 विकेट लेने में सफल रहे और पाक टीम को 286 पर ऑल आउट करने में अहम योगदान दिया।
बल्लेबाजी के दौरान डी लीड अच्छे टच में दिखे। वह फिफ्टी जड़ने के बाद 67 के निजी स्कोर पर आउट हो गए। वर्ल्ड कप के डेब्यू मैच में फिफ्टी और 4 विकेट लेने के मामले में वह तीसरे खिलाड़ी बन गए। नीदरलैंड्स की टीम को इस मुकाबले में 81 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
पाकिस्तानी टीम के लिए रिजवान और सऊद शकील ने अच्छी बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। दोनों ने फिफ्टी जमाई। पाकिस्तान को मुश्किल स्थिति से बाहर निकालकर इन दोनों ने टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर की तरफ धकेल दिया। पाकिस्तान के लिए गेंदबाजी में हारिस रऊफ ने 3 विकेट झटके।












Click it and Unblock the Notifications